एक रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी वायुसेना की लंबी दूरी वाली परमाणु मिसाइलों के प्रभारी जनरल को इसलिए हटा दिया गया है क्योंकि जुलाई में जब वो रूस के सरकारी दौरे पर गए तो उनका व्यवहार 'सज्जन व्यक्ति की तरह' नहीं था।
हाल ही में एक गोपनीय दस्तावेज़ से पता चला है कि मेजर जनरल माइकल कारे ने अपने रूसी दौरे में बहुत ज़्यादा शराब पी और वो कुछ संदिग्ध विदेशी महिलाओं से मिले।
रिपोर्ट के अनुसार कारे को या तो उस घटना के बारे में ज़्यादा कुछ याद नहीं है या फिर वो झूठ बोल रहे हैं।
जनरल कारे की बर्ख़ास्तगी से पहले अमेरिकी नौसेना में परमाणु बल की निगरानी करने वाले एक एडमिरल को ग़ैरकानूनी रूप से जुआ खेलने के मामले में हटाया गया।
हाल के महीनों में अमेरिकी सेना के परमाणु प्रतिष्ठान से जुड़े कई विवाद सामने आए हैं।
जनरल कारे अमेरिकी वायुसेना में दो स्टार वाले जनरल थे। वो अमेरिका में तीन सैन्य अड्डों पर साढ़े चार सौ अंतरमहाद्वीपीय बैलेस्टिक मिसाइलों के रखरखाव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
वो अब अब वायुसेना की अंतरिक्ष कमांड के कमांडर के विशेष सहायक हैं।
नहीं की टिप्पणी
जब अक्टूबर में कारे को हटाया गया तो कोई ब्यौरा नहीं दिया गया था।
वायुसेना के इंस्पेक्टर जनरल की रिपोर्ट में कहा गया है, "मेजर जनरल कारे ने इतनी शराब पी कि इसका असर उनके व्यवहार पर पड़ने लगा।"
इसके मुताबिक, "मेजर जनरल अनुचित और असामान्य व्यवहार करते पाए गए, जब वो कुछ विदेशी महिलाओं से मिले, जिन्हें उन्होंने खुद संदिग्ध बताया।"
रिपोर्ट कहती है कि वो उनसे एक रेस्त्रां में मिले और उनके साथ उन्होंने डांस भी किया। मेजर जनरल कारे ने इस रिपोर्ट के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की है।
हटाए जाने से पहले कारे के अधीन 9,600 लोग काम कर रहे थे और वो इराक में भी तैनात रह चुके हैं।
रिपोर्ट के अनुसार कारे रूसी दौरे में न सिर्फ अपने मेज़बानों के साथ बदतमीज़ी से बात करते हुए पाए गए बल्कि उन्होंने अपने साथ गए अमेरिकी अफ़सरों से भी ठीक से बात नहीं की।