आतंकी भाग रहे हैं, लेकिन अभी तक परास्त नहीं हुए और सीरिया से अमेरिकी सेना को वक्त से पहले वापस बुलाना आईएस के दोबारा उभार की स्थिति बना सकता है। यह बात इस्लामिक स्टेट (आईएस) आतंकी समूह के खिलाफ बने वैश्विक गठबंधन में तैनात अमेरिकी राजदूत ब्रेट मैक्गुर्क ने अपने उस इस्तीफे में लिखे, जो उन्होंने शनिवार को विदेश मंत्री माइक पोम्पियो को सौंप दिया।
सीरिया से अमेरिकी सेना को वापस बुलाने के मुद्दे पर रक्षा मंत्री जिम मैटिस के पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद मैक्गुर्क ने भी इसी विरोध में अपना त्यागपत्र सौंपा है। वर्ष 2015 में तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा की तरफ से नियुक्त किए गए 45 वर्षीय मैक्गुर्क को डोनाल्ड ट्रंप ने भी राष्ट्रपति बनने के बाद बरकरार रखा था।
मैक्गुर्क का इस्तीफा 31 दिसंबर से प्रभावी होगा और वह फरवरी के मध्य में अमेरिका में होने वाली गठबंधन में मौजूद देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद अपना पद छोड़ देंगे। बता दें कि ट्रंप ने सीरिया में आईएस पर विजय की घोषणा करते हुए 2000 अमेरिकी सैनिकों को वापस बुलाने की घोषणा की है, जिसे बहुत सारे अमेरिकी राजनेताओं ने जल्दबाजी भरा और खतरनाक कदम बताया है।