अमेरिका के एक एयरमैन को एक सिख व्यक्ति पर घृणा अपराध में दो साल पहले किए गए हमले के मामले में दोषी करार दिया गया है। एक मीडिया रिपोर्ट में शनिवार को यह जानकारी दी गई।
वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट में बताया गया है कि अदालत के रिकॉर्ड के मुताबिक पीड़ित महताब सिंह बख्शी घटना के समय 21 अगस्त, 2016 को डूपोंट सर्किल के पास अपने दोस्तों से बातचीत कर रहे थे। तभी टेक्सास के रहने वाले डिलन मिलहाउसेन नाम का व्यक्ति पीछे से आया और सिंह की पगड़ी गिरा दी। वह बख्शी के चेहरे पर तब तक मुक्का मारता रहा जब तक वह बेहोश नहीं हो गए।
मीडिया में जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार ज्यूरी ने मिलहाउसेन को दोषी पाया। ज्यूरी ने कहा कि पीड़ित को उसके नस्ल, धर्म और राष्ट्रीय मूल की वजह से निशाना बनाया। दोषी व्यक्ति को 30 नवंबर को सजा सुनाई जाएगी। इस अपराध में अधिकतम 15 साल तक की सजा हो सकती है।