पूर्वी यूक्रेन में लगातार बढ़ रहे तनाव को लेकर अमेरिका और रूस के बीच तल्खी बढ़ती जा रही है। अमेरिका ने पूर्वी यूक्रेन मामले पर रूस को अपनी चिंताओं से अवगत कराया है।
अमेरीकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव से फ़ोन पर बात करते हुए, उन्हें चेताने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि अस्थिरता के किसी भी रूसी प्रयास की भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। दोनों नेताओं ने अगले 10 दिनों के भीतर सीधी बातचीत की संभावना पर भी चर्चा की।
इधर, रूस समर्थक प्रदर्शनकारियों ने यूक्रेन के तीन पू्र्वी शहरों में सरकारी इमारतों पर क़ब्ज़ा जमा लिया है। यूक्रेन ने दोनेत्सक, लुहांस्क और खारकीव शहरों की इमारतों पर रूस समर्थक प्रदर्शनकारियों के क़ब्ज़े के बाद सेना को वहां भेजा है। इससे पहले दोनेत्स्क में रूस समर्थक विद्रोहियों ने सरकारी इमारत पर नियंत्रण कर लिया और 'यूक्रेन से आज़ादी' की घोषणा कर दी।
विद्रोहियों ने 11 मई तक यूक्रेन से अलगाव पर जनमत संग्रह के लिए कहा है। कुछ दिनों पहले ही यूक्रेन का स्वायत्त क्षेत्र क्राईमिया एक जनमत संग्रह के बाद रूस में शामिल हो गया था। हालांकि यूक्रेन और पश्चिमी देशों ने इस क़दम का विरोध किया था।