अमेरिका की संघीय नियामक ने भारतीय मूल के दो भाइयों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। बिजनेस करने वाली छोटी और माइक्रोकैप कंपनियों पर निष्पक्ष रिसर्च रिपोर्ट मुहैया कराने के लिए दोनों भाइयों पर निवेशकों को धोखा देने का आरोप है।
अजय टंडन (41) और अमित टंडन (47) ‘सी थ्रू इक्विटी’ और ‘न्यू यॉर्क’ नाम की कंपनियों के सह संस्थापक हैं। दोनों के खिलाफ सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन ने निवेशकों के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। कंपनी का कहना था कि यह रिपोर्ट कथित रूप से निष्पक्ष थी और रिसर्च के लिए किसी प्रकार का भुगतान नहीं किया गया था।
वास्तविकता यह थी कि हर रिपोर्ट के लिए उन्हें हजारों डॉलर दिए गए थे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, एसईसी के अटलांटा रीजनल ऑफिस के डायरेक्टर रिचर्ड बेस्ट ने कहा कि पेड एडवरटाइजिंग और निष्पक्ष रिसर्च कवरेज में बहुत साफ फर्क है।
हमारा आरोप है कि सी-थ्रू इक्विटी और इसके सह-संस्थापकों ने निवेशकों को धोखा देने और पैसा बनाने के लिए इस फर्क को मिटा दिया। एसईसी की शिकायत के अनुसार, सी थ्रू इक्विटी और टंडन बंधुओं ने मुफ्त में एक रिसर्च रिपोर्ट हासिल करने के उद्देश्य से निवेशक सम्मेलन में प्रजेंटेशन बनाने के लिए कंपनियों को आमंत्रित किया और भुगतान में हेराफेरी की।