अमेरिकी राष्ट्रपति पद के रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप ने ब्रिटिश अखबार डेली मेल और अमेरिका के एक ब्लॉग पर 15 करोड़ अमेरिकी डॉलर का मुकदमा ठोक दिया है। अखबार और ब्लॉग की रिपोर्ट में आरोप लगाया गया था कि मेलानिया ने 1990 के दशक में देह व्यापार में एस्कॉर्ट के रूप में काम किया था।
दोनों मीडिया संस्थानों ने इस बारे में अपनी रिपोर्ट वापस ले ली है और माफी भी मांगी है। मगर मेलानिया के वकील का कहना है कि वे इनके खिलाफ मुकदमा वापस नहीं लेंगे। वकील चार्ल्स हार्डर ने बयान जारी कर कहा है कि इन मीडिया संस्थानों ने ट्रंप की पत्नी के बारे में कई बयान दिए हैं, जो 100 फीसदी झूठे हैं और इनसे उनकी निजी व पेशेवर प्रतिष्ठा को बहुत ज्यादा नुकसान पहुंचा है।
उन्हाेंने कहा, ‘बचाव पक्ष ने बिना किसी स्पष्टीकरण के अमेरिका और दुनियाभर के लाखों लोगों के बीच अपनी झूठी बातों का प्रसारण किया।’