अमेरिका में 2016 के राष्ट्रपति चुनाव के दौरान रूसी हस्तक्षेप की जांच कर रहे विशेष अधिवक्ता रॉबर्ट एस. मुलर ने उच्च-रैंक के तीन वर्तमान व पूर्व खुफिया अधिकारियों का साक्षात्कार करने का आग्रह कर दिया है। यह ताजा संकेत इशारा करते हैं कि मुलर ‘न्याय को बाधित’ करने को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर लगे आरोपों की जांच करेंगे। एफबीआई प्रमुख जेम्स कोमे को बर्खास्त करने के बाद से अमेरिका में ट्रंप की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं।
विशेष अधिवक्ता ने नेशनल इंटेलिजेंस के निदेशक डैन कोट्स, एनएसए प्रमुख एडमिरल माइकल एस. रोजर्स और एनएसए के पूर्व उप निदेशक रिचर्ड लेजेट के साथ सवाल करने की इच्छा जताई है। इनमें से कोई भी शख्स ट्रंप के चुनाव अभियान में शामिल नहीं था लेकिन ताजा रिपोर्ट सवाल उठाती है कि ‘क्या पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइकल फ्लिन के रूसी संबंधों की जांच को खत्म करने के लिए ट्रंप ने तत्कालीन एफबीआई निदेशक जेम्स कोमे से अनुरोध किया था।’ गत सप्ताह कांग्रेस के समक्ष डैन कोट्स और एडमिरल रोजर्स ने इस मामले पर कोई भी जवाब देने से इंकार कर दिया था।
खुफिया अधिकारियों ने बताया कि मुलर ने रूसी हस्तक्षेप की जांच के तहत व्हाइट हाउस के पारस्परिक व्यवहार संबंधी दस्तावेजों को भी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार से तलब कर लिया है।
बताया जाता है कि हाल के दिनों में ट्रंप ने अपने सहयोगियों से मुलर को भी बर्खास्त करने के बारे में विचार किया था। इस बारे में ट्रंप के दोस्त और कंजर्वेटिव वेबसाइट ‘न्यूजमैक्स’ के सीईओ क्रिस रूडी ने इसी हफ्ते आशंका जताई थी कि मुलर को पद से हटाया जा सकता है। लेकिन अब मुलर की जांच में सीधे राष्ट्रपति शामिल हैं इसलिए विशेष अधिवक्ता के खिलाफ कोई भी कदम राजनीतिक रूप से काफी जटिल साबित होगा।
ट्रंप के करीबियों ने नकारे आरोप, मुलर जांच को अड़े
‘वाशिंगटन पोस्ट’ ने इस खबर को सबसे पहले प्रकाशित किया था जिसे ट्रंप के वकीलों ने गलत बताया, लेकिन इस खबर के तथ्यों को अभी तक नकारा भी नहीं गया है। ट्रंप के वकील मार्क कासोवित्स ने एक बयान में इस खबर के पीछे एफबीआई का हाथ बताया है।
रिपब्लिकन एकजुट, डेमोक्रेटों ने बनाई रणनीति
रिपब्लिकन नेशनल कमेटी की प्रमुख राना मैकडेनियल ने ट्रंप पर लगे न्याय को बाधित करने के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा है कि अब तक इस बारे में कोई सबूत नहीं मिला है। पूर्व और मौजूदा अधिकारियों ने भी कई बार कहा है कि जांच को प्रभावित करने की कोशिश नहीं की गई है। उधर, सीनेट की खुफिया समिति में शामिल डेमोक्रेट सदस्य मार्क वार्नर ने मीडिया से कहा कि हमने विशेष अधिवक्ता मुलर से बात की है, लेकिन मैं मानता हूं कि फिलहाल इस बारे में अधिक जानकारी नहीं दी जानी चाहिए। फिलहाल डेमोक्रेटों ने इस संबंध में रणनीति बनाई है।
ट्रंप के करीबियों ने नकारे आरोप, मुलर जांच को अड़े
डोनाल्ड ट्रंप के पुत्र और उनके करीबियों ने मुलर की जांच को राजनीतिक बताते हुए इन आरोपों को नकारा है कि राष्ट्रपति का इरादा मुलर को पद से हटाने का है। व्हाइट हाउस ने भी अपने बयान में कहा है कि ट्रंप की मंशा मुलर को पद से हटाने की कतई नहीं है। उधर मुलर ने आज ही सीनेट कमेटी के सदस्यों से मुलाकात की ताकि सुनिश्चित किया जा सके कि उनकी जांच में कोई विरोधाभास नहीं रह जाए। मुलर अपनी जांच पर अड़ गए हैं और इसके लिए उन्होंने समिति को अवगत करा दिया है।