अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आए दिन अपने बयानों के चलते सुर्खियों में बने रहते हैं। इस बार वह महिला पत्रकार के सवाल के कारण विवाद में घिर गए हैं। दरअसल मंगलावार को ट्रंप ने एक प्रेस कांफ्रेंस की। यह कांफ्रेंस कनाडा के साथ कारोबारी समझौते की जानकारी देने के लिए आयोजित की गई थी।
इस दौरान एबीसी न्यूज की एक महिला पत्रकार सेसिलिया वेगा ने ट्रंप से सुप्रीम कोर्ट के नॉमिनी ब्रेट कैवनॉक को लेकर सवाल पूछा। जवाब में ट्रंप ने उन्हें कहा, 'शायद आप भी इस बात से हैरान होंगी कि मैं सबसे पहले आपके सवाल का उत्तर दे रहा हूं। मेरे ख्याल से आप शायद सोचती ही नहीं होंगी। या आपने कभी सोचा ही नहीं होगा।'
ट्रंप की ओर से ऐसा जवाब सुनने के बाद वेगा ने कहा कि मैं आपकी बात का मतलब नहीं समझी। तब ट्रंप ने कहा कि कोई बात नहीं.. आप आगे बोलिए। ऐसे रवैये के कारण ट्रंप की काफी आलोचना होने लगी। जिसके बाद ट्रंप के कार्यालय ने घटनाक्रम का अनुवाद जारी किया।