अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने झूठा दावा किया है कि महारानी एलिजाबेथ ने 70 सालों में पहली बार किसी को गार्ड ऑफ ऑनर से नवाजा है। बता दें कि अपने ब्रिटेन दौरे पर ट्रंप ने विंडसर कैसल में एलिजाबेथ से मुलाकात की थी, जहां उन्हें और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप को गार्ड ऑफ ऑनर से नवाजा गया था।
ट्रंप के इस बयान में सच्चाई नहीं है, क्योंकि महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ऐसे कई मौकों पर गार्ड ऑफ ऑनर की समीक्षा कर चुकी है। इसका ताजा उदाहरण 2011 का ही है जब तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को महारानी ने गार्ड ऑफ ऑनर से नवाजा था।
ट्रंप के इस बयान को रॉयल कमेंटेटर ने बेहूदा करार दिया। रॉयल कमेंटेटर रिचर्ड फिट्जविलियम्स ने कहा, यह सच हो ही नही सकता। 70 साल पहले महारानी की उम्र सिर्फ 22 साल थी। एलिजाबेथ द्वितीय को 1952 में ब्रिटिश क्वीन की उपाधी से नवाजा गया था, तब से लेकर अब तक वे कई राष्ट्राध्यक्षों को गार्ड ऑफ ऑनर से नवाज चुकी हैं।
क्या बोले ट्रंप
ट्रंप ने कहा है कि हमने महारानी के साथ मुलाकात की, जो एक बहुत शानदार व्यक्तित्व हैं। उन्होंने 70 साल में पहली बार हुए अपने ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ के बारे में समीक्षा की। हमने गार्ड ऑनर के समय उनके साथ (महारानी) वॉक किया, जो दिखने में बहुत ही प्रेरणादायक था।