अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मीडिया में जारी खींचतान के बीच व्हाइट हाउस ने आतंकी हमलों की सूची जारी करके विवाद बढ़ा दिया है। इसमें दावा किया गया कि मीडिया ने इन 78 आतंकी हमलों की रिपोर्टिंग ही नहीं की।
यह सूची सीधे तौर पर मीडिया को कटघरे पर खड़ी करती है और ट्रंप के उस दावे की पुष्टि करती है, जिसमें उन्होंने कहा कि मीडिया बेहद बेईमान है। इस सूची में पाकिस्तान और बांग्लादेश में हुए आतंकी हमलों को भी शामिल किया गया है।
व्हाइट हाउस ने यह रिपोर्ट ट्रंप की ओर से फ्लोरिडा में अपने सैन्य कमांडरों के सम्मेलन को संबोधित करने के फौरन बाद जारी की गई। इस बैठक में ट्रंप ने अपने कमांडरों से कहा कि मीडिया कई आतंकी हमलों की रिपोर्टिंग ही नहीं करती है। उन्होंने कहा, ‘कट्टर इस्लामिक आतंकी 9/11 की तरह हमारे देश में फिर से हमले की फिराक में है।
आतंकी बोस्टन से लेकर ऑरलैंडो और सैन बर्नार्डिनो समेत पूरे यूरोप में हमले को अंजाम दे चुके हैं। पेरिस और नीस में जो हुआ, वह आपने देखा ही है। पूरे यूरोप में आतंकी हमले हो रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि कई मामलों में मीडिया बेहद बेईमान है और रिपोर्टिंग नहीं करना चाहती है। हालांकि उन्होंने इसकी वजह को विस्तार से नहीं बताया।