अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने बृहस्पतिवार को व्हाइटहाउस में अपने उत्तराधिकारी डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने सत्ता हस्तांतरण पर विस्तार से चर्चा की। 70 वर्षीय ट्रंप अपने निजी जेट से न्यूयॉर्क से रवाना हुए और राष्ट्रीय राजधानी के बाहर रीगन नेशनल एयरपोर्ट पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रोटोकॉल को तोड़ा और ओबामा के साथ पहली बैठक को कवर करने आए पत्रकारों को अपने साथ आने से मना कर दिया।
नवनिर्वाचित राष्ट्रपति के साथ उनकी पत्नी मेलानिया भी थीं, जो अमेरिकी की पहली लेडी मिचेल ओबामा से मिलीं। अमेरिका के नवनिर्वाचित उप राष्ट्रपति माइक पेंस भी उनके साथ थे। गौरतलब है कि ओबामा ने जीत के बाद डोनाल्ड ट्रंप को व्हाइटहाउस आने का न्यौता दिया था।
चुनाव अभियान के दौरान ओबामा ने ट्रंप को राष्ट्रपति पद के लिए विशिष्ट रूप से अयोग्य करार दिया था। वहीं, बुधवार को ट्रंप के जीतने पर ओबामा ने सभी अमेरिकियों को राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे स्वीकार करने का आग्रह किया था।