अमेरिका ने पूर्वोत्तर अफगानिस्तान में पिछले महीने एक हवाई हमले के दौरान अल कायदा के एक शीर्ष नेता के मारे जाने की पुष्टि की है। पेंटागन के प्रेस सचिव पीटर कुक ने शुक्रवार को कहा, हम इस बात की पुष्टि कर सकते हैं कि अफगानिस्तान के कुनार में अमेरिकी सेना के 23 अक्तूबर को किए गए हमले में अल कायदा का खूंखार आतंकवादी फारूक अल कतानी मारा गया।
कतानी पूर्वी अफगानिस्तान के लिए अल कायदा का अमीर और अमेरिका के खिलाफ हमलों की साजिश रचने वाले आतंकवादी समूहों के शीर्ष साजिशकर्ताओं में से एक था। पेंटागन चार साल से अल कतानी की तलाश कर रहा था। उसके ओसामा बिन लादेन से पुराने संबंध थे। लादेन अपने पाकिस्तानी परिसर में वर्ष 2011 में अमेरिका की छापेमारी में मारा गया था।
कुक ने बताया कि देश में अल कायदा के एक अन्य आतंकवादी बिलाल अल उताबी को एक हमले में निशाना बनाया गया हालांकि इस हमले के परिणाम के बारे में अभी जानकारी नहीं है। पेंटागन के प्रेस सचिव ने कहा कि इस हमले के परिणामों का अभी मूल्यांकन किया जा रहा है।