अमेरिकी उपराष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी से सीनेटर टिम केन और रिपब्लिकन गवर्नर माइक पेंस
अमेरिकी उपराष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी से सीनेटर टिम केन और रिपब्लिकन गवर्नर माइक पेंस के बीच एकमात्र बहस के दौरान नीतियों को लेकर तीखा वाद-विवाद हुआ। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे पर जमकर आरोप लगाए। मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे सीबीए न्यूज के एलीने क्विजानो को मंगलवार रात बहस की शुरुआत में ही हस्तक्षेप करना पड़ा।
उप-राष्ट्रपति पद के दोनों उम्मीदवारों ने बार-बार एक-दूसरे की बात को बाधित किया। कभी-कभी तो क्विजानो के लिए 58 वर्षीय केन और 57 वर्षीय पेंस को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया। बहस के दौरान पेंस ने कहा, ‘विदेश मंत्री के तौर पर हिलेरी क्लिंटन के कार्यकाल में हमने पूरी दुनिया खासकर पश्चिम एशिया में नियंत्रण से बाहर जाते देखा। तब वह ओबामा प्रशासन में विदेशी नीति की शिल्पकार थीं। मेरा मतलब है कि हम आज सीरिया में हर घंटे जो हालात देख रहे हैं, वे उस असफल और कमजोर विदेश नीति का परिमाण हैं, जो इस प्रशासन में हिलेरी क्लिंटन के नेतृत्व में बनी थी।’
पेंस ने जैसे ही कहा कि रूस का नया हौसला भले ही वह उक्रेन की बात हो या उनके कड़े रुख की तो केन ने उन्हें बीच में रोकते हुए कहा, ‘आप लोगों को रूस से प्यार है। आप दोनों ने कहा है कि व्लादिमीर पुतिन राष्ट्रपति से बेहतर नेता हैं।’ केन ने कहा कि हिलेरी ने अपना पूरा जीवन जनसेवा और देश के लोगों की भलाई के लिए समर्पित कर दिया जबकि उनके रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप ने हमेशा खुद को पहले रखा।’ ·