फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इन 'तीन देवियों' ने उड़ाई डोनाल्ड ट्रंप की नींद

Sat, 24 Mar 2018 03:30 PM IST
बीबीसी हिंदी
विज्ञापन
ट्रंप पर संबंधों का आरोप लगाने वाली 'तीन देवियां'
विज्ञापन

प्लेबॉय मैगजीन की पूर्व मॉडल कैरन मैकडॉगल ने अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप से माफी मांगी है। उन्होंने दावा किया था कि 2006 में ट्रंप के साथ उनका अफेयर था। समाचार चैनल सीएनएन को दिए एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा है कि वो मेलानिया से 10 महीने तक चले इस प्रेम संबंध के लिए माफी मांगना चाहती हैं और वो नहीं चाहेंगी कि उनके साथ कभी ऐसा कुछ हो। उन्होंने ये भी कहा कि पहली बार करीब आने के बाद ट्रंप ने उन्हें पैसे देने की पेशकश की थी।  इसके बाद वो घर लौटते वक्त रोई थीं।  राष्ट्रपति और व्हाइट हाउस इन आरोपों से इनकार करते रहे हैं। 

विज्ञापन


गुरुवार को सीएनएन के एंडरसन कूपर को कैरन मैकडॉगल ने बताया, "जब मैं मुड़ कर पीछे देखती हूं तो पता चलता है कि वो गलत था।  मैं वाकई माफी मांगना चाहूंगी।  मुझे पता है कि जो मैंने किया, वो गलत था। " साल 2016 में मैकडॉगल ने एक अखबार के साथ 1,50,000 डॉलर का करार किया था, जिसके तहत वो अपनी कहानी उस अखबार को बताने के लिए राजी हुई थीं। ये लेख कभी प्रकाशित नहीं हुआ था। अब मैकडॉगल का कहना है कि ट्रंप के साथ उनके संबंध की बात को छिपाने के लिए ऐसा किया गया था।  वो अब इस करारनामे को खत्म करने के लिए अखबार पर मुकदमा करने जा रही हैं। 

मैकडॉगल उन तीन महिलाओं में से एक हैं जिन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप के साथ कथित तौर पर संबंध होने या यौन हिंसा का दावा किया है और कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।  अन्य दो महिलाओं में से एक हैं पॉर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स और दूसरी हैं 'द ऐपरेन्टिस' शो में प्रतियोगी रह चुकी समर जेरवोस। 
विज्ञापन


स्टॉर्मी डेनियल्स के आरोप 

पॉर्न एक्ट्रेस स्टॉर्मी डेनियल्स का असली नाम स्टेफनी क्लिफर्ड है।  उनका दावा था कि उनका राष्ट्रपति डोनाल्ड  ट्रंप के साथ अफेयर रहा है।  स्टॉर्मी डेनियल्स ने 2011 में इनटच मैगजीन को दिए एक इंटरव्यू में दावा किया था कि उनके डोनाल्ड  ट्रंप के साथ यौन संबंध थे और इस बात की पुष्टि कराने के लिए लाइफ एंड स्टाइल मैगजीन ने स्टॉर्मी का लाइ डिटेक्टर टेस्ट कराया था जो इससे पहले कभी सार्वजनिक नहीं किया गया।  स्टेफनी का दावा है कि ट्रंप के निजी वकील माइकल कोहेन ने अक्तूबर 2016 में राष्ट्रपति चुनावों से ठीक पहले उनके साथ 1 लाख 30 हजार डॉलर का समझौता किया था। 

स्टेफनी ने अब इस समझौते को खत्म करने के लिए कोर्ट का रुख किया है।  उनके वकीलों का कहना है कि उन्हें इसे मानने के लिए धमकी दी गई थी।  इसी साल फरवरी में कोहेन ने अमरीकी मीडिया के सामने कबूल कर लिया है कि उन्होंने साल 2016 में एक पॉर्न स्टार को 1 लाख 30 हजार डॉलर का भुगतान किया था।  ट्रंप स्टेफनी के लगाए आरोपों से अब तक इनकार करते रहे हैं।  उनके वकीलों ने स्टेफनी पर दो करोड़ डॉलर का दावा किया है।  उनका कहना है कि स्टेफनी ने गुप्त डील को तोड़ा है।  रविवार को समाचार चैनल सीबीएस न्यूज पर स्टॉर्मी डेनियल्स का इंटरव्यू प्रसारित होने वाला है। 

समर जेरवोस के आरोप

समर जेरवोस 2006 में द एप्रेंटिस के सीजन पांच की प्रतियोगी रह चुकी हैं। उन्होंने 2016 राष्ट्रपति चुनाव अभियान के दौरान डोनाल्ड ट्रंप पर यौन दुर्व्यवहार के आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि साल 2007 में ट्रंप ने उन्हें नौकरी के सिलसिले में मिलने के लिए बुलाया था। वो ट्रंप से मिलने बेवेरली हिल्स होटल के एक बंगले में पहुंची. ट्रंप ने उनका स्वागत चेहरे पर चुंबन लेकर किया था और खुद को जबरन उन पर लाद दिया। जेरवोस का कहना था कि उन्होंने ट्रंप की गिरफ्त से छूटने की कोशिश की थी लेकिन ट्रंप उन्हें बेडरूम में ले जाने का प्रयास कर रहे थे। 

ट्रंप जेरवोस के लगाए आरोपों से इनकार करते रहे हैं। उनका कहना था कि उन पर आरोप लगाने वाली जेरवोस और अन्य लोग "बीमार मानसिकता" वाले हैं और उन्हें पैसे, नाम और राजनीति में मौका पाने के लिए उकसाया गया है। जेरवोस ने जनवरी 2017 में ट्रंप के खिलाफ मानहानि का दावा किया लेकिन ट्रंप के वकीलों का कहना था कि राष्ट्रपति के खिलाफ मुकदमा नहीं चलाया जा सकता। न्यूयॉर्क की एक अदालत ने अब निचली अदालत के इस फैसले को पलट दिया है। इसका मतलब ये है कि राष्ट्रपति के ख़िलाफ़ लगाए गए आरोपों की सुनवाई की जाएगी। 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें