एक हजार करोड़ की लागत से 162 एकड़ में हो रहा निर्माण
- फोटो : Nbc News
दुनिया का सबसे बड़ा हिंदू मंदिर निर्माणाधीन है। लेकिन यह भारत में नहीं बल्कि यहां से लगभग दस हजार किलोमीटर दूर सात समंदर पार अमेरिका में बन रहा है। न्यू जर्सी के राबिंसविल में लगभग एक हजार करोड़ रुपये की लागत से बन रहा अक्षरधाम मंदिर क्षेत्रफल के हिसाब से (162 एकड़) विश्व का सबसे बड़ा हिंदू मंदिर है। वर्तमान में सबसे बड़ा मंदिर तमिलनाडु के श्रीरंगम में 156 एकड़ में बना श्री रंगनाथ स्वामी मंदिर है। वैसे अक्षरधाम मंदिर अमेरिका के कई शहरों में बने हैं। एटलांटा, ह्यूस्टन, शिकागो, लॉस एंजिलिस सहित कनाडा के टोरंटो में भी यह मंदिर हैं लेकिन इसकी मूल संस्था बीएपीएस (बोकसंवासी श्रीअक्षर पुरूषोत्तम स्वामी नारायण संस्था) द्वारा गांधी नगर गुजरात और दिल्ली के यमुना तट पर बने मंदिर विशाल हैं। गांधी नगर का मंदिर 23 एकड़ जबकि दिल्ली का 60 एकड़ में बना है। लेकिन राबिंसविल का मंदिर न केवल इनसे बड़ा बल्कि विश्व के किसी भी दूसरे मंदिर से ज्यादा बड़ा है।
इस मंदिर का निर्माण 2010 में शुरू हुआ था और अगस्त 2017 में इसका विधिवत उद्घाटन होना है। 1830 में दिवंगत हुए संस्था के स्वामी नारायण भगवान को समर्पित इस मंदिर का निर्माण 95 वर्षीय प्रमुख स्वामी महाराज की देखरेख में चल रहा है। चार मंजिले इस भव्य मंदिर में भारतीय इतिहास एवं संस्कृति संबंधी म्यूजियम तथा युवा केंद्र का निर्माण भी किया जाएगा। यह मंदिर संयुक्त रूप से भारत के उत्तर में बने मंदिरों तथा दक्षिण भारतीय वास्तुकला पर आधारित है। इसके पिलर्स पर रामायण, महाभारत तथा प्राचीन भारतीय संस्कृति संबंधी चित्र उकेरे गए हैं। इस मंदिर के लिए पिलर तथा दीवारों में लगने वाली मूर्तियां राजस्थान के डुंगरपुर के पिंडवाड़ा व संगवाड़ा में 2000 कारीगरों द्वारा बनाई जा रही हैं।
मंदिर में सभी हिंदू देवताओं की भव्य मूर्तियां स्थापित की गई हैं। संस्था के धार्मिक विद्वानों की आदमकद मूर्तियां भी लगाई गई हैं। मंदिर के माध्यम से भारतीय संस्कृति मुख्यत: प्रार्थना, प्रेमभाव, अहिंसा तथा नि:स्वार्थ सेवा का संदेश दिया जाएगा। मंदिर से दस मिनट की दूरी पर बर्चवुड में रहने वाले उत्तराखंड एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका के सचिव अमित पांडे कहते हैं कि न्यू जर्सी में भारी तादाद में भारतीय रहते हैं और यहां बहुत से मंदिर हैं लेकिन विश्व का सबसे बड़ा मंदिर यहां बनने से हम सब उत्साहित हैं।