विदेशमंत्री सुषमा स्वराज सोमवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करेंगी। पूरी दुनिया की नजरें स्वराज के भाषण पर हैं जिसमें पाकिस्तानी पीएम शरीफ द्वारा कश्मीर पर आक्षेपों का कड़ा जवाब मिलने की उम्मीद है।
सुषमा स्वराज शनिवार दोपहर को यहां पहुंची और वे सोमवार सुबह संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करेंगी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने एक ट्वीट में कहा, ‘संयुक्त राष्ट्र महासभा के 71वें सत्र में भारत के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज न्यूयॉर्क पहुंचीं।’
शरीफ ने महासभा में अपने संबोधन के दौरान ज्यादा ध्यान कश्मीर पर ही केंद्रित रखा था। ऐसे में सुषमा से उम्मीद की जा रही है कि वह शरीफ के उस भाषण का कड़ा जवाब देंगी। स्वरूप ने 23 सितंबर को कहा कि ‘पूरी दुनिया और पूरा देश’ सुषमा स्वराज का संबोधन सुनने का इंतजार कर रहा है।