अमेरिका में वैज्ञानिक कुछ ऐसा करने जा रहे हैं, जैसा पहले कभी नहीं हुआ। यहां सरकार और 10 हजार आम लोगों की सहमति से ऐसे रिसर्च को अंजाम दिया जा रहा है, जिससे मानव जीवन को और भी बेहतर बनाया जा सके।
वैज्ञानिक इस रिसर्च के तहत सेलफोन की लोकेशन से लेकर क्रेडिट कार्ड की डिटेल्स और ब्लड सैंपल जैसी बेहद व्यक्तिगत जानकारियां भी लेंगे। खास बात ये है कि इस रिसर्च में 10 हजार लोगों को शामिल किया जाएगा और उनकी मर्जी से उनकी प्राइवेसी पर पहरा बिठाया जाएगा। इसके लिए सरकार भी फंड दे रही है और खास तौर पर लोगों का रजिस्ट्रेशन भी किया जाएगा। ये रिसर्च पूरे 20 सालों तक चलेगा, जिसमें मानव जीवन के हर पहलू का अध्ययन किया जाएगा।
इस 'मानव प्रोजेक्ट' में हिस्सा लेने के लिए लोगों को आमंत्रित किया जायेगा। शोधकर्ता लोगों का ऐसा समूह तैयार कर रहे हैं, जो जनसंख्या का प्रतिनिधित्व करता हो। रिसर्च में भाग लेने वाले लोगों की सभी तरह की जांच की जाएगी, जिसमें खून,आईक्यू और आनुवंशकीय जांच शामिल होगी। शोधकर्ता लोगों से चिकित्सा, वित्त और शिक्षा से संबंधी सभी रिकॉर्ड्स भी मांगेंगे। इसके अलावा शोध में शामिल लोग अपने सेलफोन से जुड़े लोकेशन, मैसेज और नंबर जैसे आंकड़े भी देंगे।
20 साल तक चलने वाली इस परियोजना में अन्य जानकारियों पाने के लिए प्रतिभागियों को पहना जा सकने वाला एक्टिविटी ट्रैकर दिया जाएगा, वजन नापने की खास मशीनें दी जायेंगी। इसके अलावा हर तीन साल पर उनके ब्लड और यूरीन सैंपल लिये जाएंगे।
इस शोध के लिए प्रतिभागियों को नामांकन के लिए प्रति परिवार 500 डॉलर यानी करीब 32,220 रुपये भी दिये जाएंगे। शोधकर्ताओं को उम्मीद है कि इस शोध से स्वास्थ्य, व्यवहार और परिस्थियों के तालमेल को समझने में मदद करेंगे, जिससे अस्थमा और अल्जाईमर जैसी बीमारियों के बारे में शोध करने में मदद मिलेगी। साथ ही अनुवाशिंक रोगों पर भी रिसर्च किया जाएगा।