अमेरिका में एक सिख नेता को डोनाल्ड ट्रंप के समर्थक ने आतंकवादी कहकर संबोधित किया, तो स्थानीय नगरपालिका परिषद के सदस्य भारतीय मूल के सिख ने भी उसे करारा जवाब दिया। दरअसल न्यू जर्सी के होबोकेन सिटी काउंसिल के सदस्य रविंद्र भल्ला ने परिषद की तरफ से एक रास्ते के निर्माण को मंजूरी दिए जाने को लेकर ट्वीट किया।
इसके जवाब में अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव की उम्मीदवारी के रिपब्लिकन दावेदार ट्रंप के समर्थक ने भल्ला के परिषद का सदस्य होने पर आश्चर्य जताया। रोबर्ट डुबेनजिक नाम के इस व्यक्ति ने आगे ट्वीट किया, ‘ आखिर कैसे होबोकेन शहर ने इस व्यक्ति को परिषद का सदस्य बनने दिया। इसे यूएस में ही जगह नहीं दी जानी चाहिए। आतंकवादी।’
भल्ला ने भी रोबर्ट को जवाब देते हुए ट्वीट किया, ‘मैं अमेरिका में जन्मा और यहीं पला-बढ़ा हूं। तुम्हें पता नहीं कि एक अमेरिकी होना क्या होता है।’ इसके बाद ट्विटर पर भल्ला के समर्थन में कई लोग उतर गए। एक स्थानीय समाचार चैनल से बात करते हुए भल्ला ने कहा कि हमें इस मानसिकता से बाहर आने की जरूरत है और एक दूसरे से लड़ने की बजाय एक दूसरे के साथ मिलकर काम करना चाहिए।