अंकों के आधार पर बेसबॉल में भविष्यवाणी करने के लिए मशहूर अमेरिका के नेट सिल्वर ने बराक ओबामा के दोबारा राष्ट्रपति बनने की भविष्यवाणी की है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक उन्होंने कहा है कि डेमोक्रेटिक पार्टी के बराक ओबामा 307 मत हासिल करेंगे जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी रिपब्लिकन पार्टी के मिट रोमनी 231 मतों पर सिमट जाएंगे।
असाधारण प्रतीत होने वाली गणितीय गणनाओं से भविष्यवाणी करने वाले नेट सिल्वर ने वर्ष 2007 में छद्मनाम पॉब्लेना के नाम से लिखना शुरू किया था। तब भी उन्होंने अमेरिका में वर्ष 2008 में होने वाले राष्ट्रपति चुनावों के नतीजों पर सटीक भविष्यवाणी की थी। इसके बाद से ही राजनीतिक विश्लेषक के तौर पर प्रिंट, टीवी और ऑनलाइन मीडिया में नजर आने लगे। शायद यही वजह रही कि वर्ष 2009 में टाइम पत्रिका ने उन्हें सौ सबसे अधिक प्रभावशाली लोगों की सूची मे शुमार किया था।
नौकरी करने का खेद
खुद को 'आधा यहूदी' बताने वाले नेट सिल्वर, न्यूयॉर्क टाइम्स में ब्लॉग लिखते हैं। उनके ब्लॉग 'फाइव थर्टी एट' को बेहतरीन राजनीतिक ब्लॉग्स में गिना जाता है। अर्थशास्त्र में स्नातक नेट ने एक किताब भी लिखी है जिसका नाम 'द सिग्नल एंड द नॉइज' है।
वर्ष 2000 में कॉलेज की पढ़ाई के बाद उन्होंने शिकागो में एक फर्म के साथ आर्थिक सलाहकार के तौर पर काम किया। साल 2009 में जब उनसे पूछा गया कि आपको अपने जीवन में किस बात पर सबसे ज्यादा पछतावा है, तो उन्होंने कहा था, 'मैंने अपने जीवन के चार वर्ष ऐसी नौकरी में बर्बाद कर दिए जिसे मैं पसंद नहीं करता था।'
अपनी इस नौकरी के दौरान ही वे बेसबॉल और अंकों के गणित में अपनी दिलचस्पी बढ़ाते रहे। इसी शौक के चलते उन्होंने बेसबॉल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन और उनके करियर के बारे में पूर्वानुमान बताते के लिए पैकोटा प्रणाली विकसित की।