अमेरिका में पाकिस्तानी मूल के सात वर्षीय लड़के को मुस्लिम होने पर उसके पांच साथियों ने स्कूल बस पर कथित तौर पर पीट दिया। इस घटना ने डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिका के डर से उसके परिजनों को पाकिस्तान वापस जाने को मजबूर कर दिया है।
अब्दुल उस्मानी के माता-पिता ने आरोप लगाया कि मुस्लिम होने पर उनके बेटे को बस पर पांच छात्रों ने खूब पीटा जब बस नॉर्थ कारोलिना के कैरी स्थित वीदरस्टान इलिमेंटरी स्कूल से बच्चों को लेकर घर छोड़ने आ रही थी। जीशान उल हसन उस्मानी ने फेसबुक पर अपने बेटे अब्दुल की तस्वीर पोस्ट करते लिखा, ‘डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिका का स्वागत। मुस्लिम होने पर स्कूल बस में उसके साथियों ने मेरे बेटे को पीटा।’
उस्मानी ने कहा कि छह से सात साल के लड़कों ने मेरे बेटे को उसका नाम लते हुए बुरी तरह पीटा। एक बच्चे ने उसके चेहरे पर घूसें जड़ दिए जबकि दो ने लातों से मारे और एक बांह मरोड़ दी। साथ ही उस्मानी ने यह भी लिखा कि इस घटना के बाद वह अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ अमेरिका छोड़ पाकिस्तान जा रहा है।