अमेरिकी रक्षा मंत्रालय का आकलन है कि उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम को पूरी तरह से बर्बाद करने का एकमात्र तरीका उस पर जमीनी हमला ही है। कांग्रेसमैन टेड ल्यू को अमेरिकी सेना के ज्वॉयंट चीफ ऑफ स्टाफ की तरफ से लिखी चिट्ठी में रियल एडमिरल माइकल ड्यूमॉन्ट ने ये विचार प्रकट किए हैं।
माइकल ड्यूमॉन्ट का कहना है कि ऐसे किसी संघर्ष के संभावित खामियाजे का हिसाब-किताब निकालना बेहद मुश्किल है। उन्होंने इस बात पर भी थोड़ी रोशनी डाली है कि उत्तर कोरिया से संभावित युद्ध के शुरुआती घंटों में क्या कुछ हो सकता है।
परमाणु हथियार
उत्तर कोरिया से संभावित संघर्ष के बारे में पूछे गए कांग्रेसमैन टेड ल्यू के सवालों के जवाब में माइकल ड्यूमॉन्ट ने लिखा है, "उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े सभी ठिकानों की सटीक पहचान और उसकी बर्बादी को जमीनी हमले के जरिए ही अंजाम दिया जा सकता है।"
हालांकि उन्होंने इस बात की आशंका भी जताई है कि "जब अमरीकी सुरक्षा बल उत्तर कोरिया के भूमिगत परमाणु ठिकानों पर कब्जे के लिए धावा करेंगे तो उत्तर कोरिया परमाणु हथियारों से जवाबी हमला कर सकता है।" माइकल ड्यूमॉन्ट आगे कहते हैं, "इस पर विस्तृत चर्चा के लिए अलग से एक बैठक की जा सकती है।"
ये भी पढ़ेंः चीन समेत एशिया के पांच देशों के दौरे पर निकले ट्रंप, लिस्ट में नहीं भारत
उत्तर कोरिया से युद्ध
अमेरिकी सेना के ज्वॉयंट चीफ स्टाफ राष्ट्रपति को सेना के मामलों पर सीधे सलाह देते हैं। टेड ल्यू ने इस खत के मुद्दे पर जारी एक बयान में रक्षा मंत्रालय के आकलन को 'परेशान करने वाला' बताया है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि 'अगर उत्तर कोरिया से कोई संघर्ष हुआ तो युद्ध के पहले कुछ दिनों में लाखों लोगों की मौत हो सकती है।' उन्होंने कहा, "उनका आकलन इस बात को रेखांकित करता है जो हम लंबे समय से जानते हैं। उत्तर कोरिया से युद्ध कोई बेहतर सैनिक विकल्प नहीं है।