अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने पिछले साल 608,611 डॉलर की कमाई की है। ओबामा के कर दस्तावेजों के मुताबिक इससे पहले के सालों के मुकाबले उनकी कमाई में 20 फीसदी से ज्यादा की कमी आई है।
राष्ट्रपति ओबामा की कमाई में कमी आने की वजह यह है कि उनके किताब की बिक्री घटी है। उनका वेतन 400,000 डॉलर है।
बराक ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल ने 18।4 फीसदी प्रभावी कर दर के हिसाब से कर का भुगतान किया और 33 विभिन्न चैरिटी को भी दान दिया।
कांग्रेस के रिपब्लिकन सांसदों के साथ हुए ताज़ा समझौते के मुताबिक अगले साल से ओबामा की कर दरों में इज़ाफा होगा।
किताब से कमाई
व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जे कार्नी ने राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के कर रिटर्न के ब्योरे के साथ एक बयान में कहा, “राष्ट्रपति को स्वयं के कर प्रस्तावों के मुताबिक जिसमें ज्यादा आमदनी वाले परिवारों के लिए कर वरीयता के मूल्य की सीमाएं शामिल हैं, ज्यादा कर देना होगा।साथ ही यह सुनिश्चित करना होगा कि हम मध्य वर्ग के लिए करों में कटौती कर सकें।”
व्हाइट हाउस का कहना है कि राष्ट्रपति ने इलिनॉय प्रांत में बतौर आयकर 29,450 डॉलर का भुगतान किया।
राष्ट्रपति ओबामा द्वारा परोपकार से जुड़े काम के लिए दिए गए दान का करीब दो-तिहाई हिस्सा फिशर हाउस फाउंडेशन को दिया गया। यह एक ऐसा संगठन है जो सैनिकों और उनके परिवारों को सहायता मुहैया कराता है।
साल 2009 के मुकाबले राष्ट्रपति की कमाई में काफी कमी आई है।उस साल जब वह पहली बार राष्ट्रपति बने थे तब उनकी कमाई 55 लाख डॉलर थी।
इस कमाई में ज्यादातर हिस्सा उनकी किताब ‘ड्रीम्स फ्रॉम माई फादर’ और ‘दि ऑडेसिटी ऑफ होप’ की बिक्री का था।
उप राष्ट्रपति जो बाइडेन और उनकी पत्नी जिल की आमदनी 385,072 डॉलर रही है जबकि उन्होंने 87,851 डॉलर संघीय कर का भुगतान किया।