वैश्विक उद्यमियों को एक मंच में लाने की ओबामा की निजी पहल है जीईएस
- फोटो : Reuters
अमेरिका राष्ट्रपति बराक ओबामा अगले साल भारत आ सकते हैं। उन्होेंने कहा कि अगर उनको वैश्विक उद्यमिता शिखर सम्मेलन (जीईएस) के लिए आमंत्रित किया जाता है, तो वह अगले साल भारत का दौरा कर सकते हैं।
कैलिफोर्निया स्थित स्टैंडफोर्ड यूनिवर्सिटी में जीईएस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘अगर मुझको आमंत्रित किया जाता है, तो मैं भारत की यात्रा करने की कोशिश करूंगा।’ जीईएस-2016 में 170 देशों के 700 से ज्यादा उद्यमी और 300 से ज्यादा निवेशक हिस्सा ले रहे हैं।
भारत की ओर से भी एक शिष्टमंडल इसमें शामिल है। जीईएस दुनिया भर के उद्यमियों को एक मंच पर लाने की ओबामा की निजी पहल है।
व्हाइट हाउस में इसी महीने के शुरुआत में ओबामा के साथ मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की थी कि भारत अगले जीईएस की मेजबानी करेगा। इस पर ओबामा प्रशासन ने ओबामा की विरासत को जारी रखने के लिए भारत का शुक्रिया किया था। पहला जीईएस 2010 में आयोजित हुआ था। इसके बाद तुर्की, संयुक्त अरब अमीरात, मलयेशिया, मोरक्को और केन्या ने इसकी मेजबानी की।
Published By Rahul Sankrityayan