अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने मिसौरी प्रांत में पुलिस की गोली से मारे गए एक काले युवक के बाद हिंसक प्रदर्शन कर रहे लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
अमेरिकी के मिसौरी प्रांत में नौ अगस्त को पुलिस ने 18 साल के एक निहत्थे काले युवक माइकल ब्राउन को उस समय गोली मार दी थी जब चश्मदीदों के अनुसार वो युवक पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करना चाह रहा था।
अपने दफ़्तर एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान ओबामा ने कहा कि वो लोगों के जज़बात और नाराज़गी को समझते हैं लेकिन ग़ुस्से में लूट-पाट करना और पुलिस पर हमले करने से तनाव और बढ़ता है।
ओबामा ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी है कि अमेरिका में ऐसे कई समुदाए हैं जिनमें और पुलिस अधिकारियों के बीच अविश्वास का माहौल है। उन्होंने उन वर्गों से आग्रह किया कि वो इस खाई को दूर करने की कोशिश करें।
ओबामा ने कहा कि एटॉर्नी जनरल एरिक होल्डर मिसौरी जा रहे हैं और वो मामले की जांच कर रहे अधिकारियों से मुलाक़ात करेंगे।
इससे पहले माइकल ब्राउन के शव का पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने जानकारी दी है कि ब्राउन को छह गोलियां मारी गईं थीं जिनमें से दो गोलियां सिर में लगीं थीं।
माइकल ब्राउन के परिवार ने डॉक्टर माइकल बाडेन को उनका दूसरा, स्वतंत्र पोस्टमार्टम करने के लिए कहा था।
परिवार ने ब्राउन की हत्या करने वाले पुलिस अधिकारी की गिरफ़्तारी की मांग की है। इस बीच मिसौरी के सेंट लुई इलाक़े में तनाव और आगजनी जारी है।