परमाणु सुरक्षा समिट में पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को परमाणु सुरक्षा समिट (एनएसएस) में भारत की तरफ से परमाणु सुरक्षा के क्षेत्र में उठाए कदमों की जानकारी दी। समिट में शामिल हुए 50 से भी ज्यादा देशों के प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाते हुए उन्होंने कहा कि परमाणु सुरक्षा हमारी राष्ट्रीय प्राथमिकता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समिट में शनिवार को परमाणु सुरक्षा, तस्करी और इससे जुड़े आतंकवाद पर नजर रखने के लिए भारत की तरफ से उठाए जा रहे कदमों के बारे में जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह परमाणु सुरक्षा को संस्थागत ढांचे का स्वरूप अपनाकर, स्वतंत्र नियामक एजेंसी और प्रशिक्षित व विशेषज्ञों के जरिये मजबूत बनाने में जुटे हुए हैं। पीएम मोदी ने बताया कि परमाणु आतंकवाद का पता लगाने के लिए उच्च तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके तहत बैरियर्स लगाए जा रहे हैं।
मेडिकल ग्रेड मोली-99 की स्थापना के लिए कम संवर्धित यूरेनियम का उपयोग किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने जानकारी दी कि परमाणु तस्करी रोकने के लिए एक परमाणु तस्करी निरोधी टीम की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि भारत परमाणु सुरक्षा फंड में 10 लाख डॉलर का अनुदान देकर आईएईए के मुख्य काम में सहयोग भी करेगा। भारत एनएसएस के त्रिसूत्रीय पहल में भी शामिल होगा।