अपनी सोई किस्मत चमकाने के लिए लाखों लोग हर साल लॉटरी के टिकट खरीदते हैं, लेकिन ऐसे कुछ ही होते हैं जिनके हिस्से में एक झटके में ही लाखों करोड़ों की रकम आ जाए। और यह चमत्कार अगर दो बार हो जाए तो फिर खुद पर यकीन करना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसा ही कुछ हुआ है, अमेरिका के एक व्यक्ति के साथ। जिसकी लगातार दूसरी बार एक मिलियन डॉलर यानि 6.6 करोड़ की लॉटरी लग गई।
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के अनुसार लॉटरी के अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी कि न्यूयार्क के रहने वाले ब्रूस मेजिस्ट्रो दूसरी बार एक मिलियन डॉलर की लॉटरी के विजेता बने हैं।
लिंडनहर्स्ट के रहने वाले ब्रूस ने बताया कि जब उसे बताया गया कि उसकी एक मिलियन डॉलर की लॉटरी लगी है, तो उसे इस पर यकीन ही नहीं हुआ। कारपेंटर का काम करने वाले 48 साल के ब्रूस ने बताया कि साल 2012 में उसे पहली लॉटरी का चेक देते समय लॉटरी की अधिकारी योलांडा वेगा ने उससे कहा था कि यह दोबारा भी हो सकता है।
पत्नी की मौत के बाद हाल ही में दोबारा शादी करने वाले ब्रूस ने बताया कि वह अपनी अच्छी किस्मत का अपने परिवार के साथ आनंद उठाना चाहता है।