अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप पर अनुचित व्यवहार का आरोप लगाने वाली महिलाओं की संख्या में निरंतर इजाफा हो रहा है। इस बार अमेरिकी रियलिटी टीवी शो ‘द अप्रेंटिस’ की एक पूर्व प्रतिभागी ने ट्रंप पर जबरन गलत ढंग से छूने और अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया है। लॉस एंजिलिस में एक सम्मेलन के दौरान समर जरवोस ने कहा कि यह घटना तब हुई जब ‘द अप्रेंटिस’ के पांचवें संस्करण से वह बाहर हो गई थीं और उन्होंने ट्रंप से उनके एक गोल्फ कोर्स में काम करने के लिए संपर्क किया था।
बकौल जरवोस, ‘2007 में एक सामाजिक कार्य के सिलसिले में मैं न्यूयॉर्क गई थी। मैंने ट्रंप के कार्यालय में यह यह जानने के लिए संपर्क किया कि वह वहां दोपहर के भोजन के लिए उपलब्ध हैं या नहीं। मुझे बताया गया कि वह मेरे साथ दोपहर का भोजन नहीं कर सकते हैं लेकिन वह अपने कार्यालय में मुझसे मिलना चाहेंगे। जब मैं वहां पहुंची तब उन्होंने मेरे होठों पर चुंबन किया।
मैं हैरत में थी लेकिन मैंने सोचा शायद यह अभिवादन का एक तरीका हो। लेकिन उनके इस व्यवहार से मैं घबरा गई थी और शर्मिंदा महसूस कर रही थी। इसके बाद ट्रंप ने मुझे बेवर्ली हिल्स होटल में मिलने को कहा। मेरे वहां पहुंचने पर ट्रंप मुझे किसी रेस्तरां में ले जाने के बजाए बंगले में ले गए और अश्लील हरकत की और गलत ढंग से मुझे छुआ। हालांकि ट्रंप ने इन आरोपों का खंडन किया है।