अमेरिका चुनाव में बराक ओबामा और मिट रोमनी के मुक़ाबले की चर्चा कीनिया में इतनी हुई है कि कीनिया में माँ-बाप ने अपने नवजात बच्चों के नाम ओबामा और रोमनी पर रख दिए हैं। पश्चिमी कीनिया के न्यानज़ा प्रांत के एक अस्पताल में कई माँ-बाप ने अपने बच्चों का नाम ओबामा के नाम पर रखे। मगर वहाँ की मिलिसेंट अवूर ने जब जुड़वाँ बच्चों को जन्म दिया तो उन्होंने एक का नाम ओबामा और दूसरे का रोमनी रख दिया।
अवूर 20 साल की एक गृहिणी हैं। उन्होंने बताया, "मैंने जुड़वाँ बच्चों को जन्म दिया और उनका नाम बराक ओबामा और मिट रोमनी के नाम पर रखने का फ़ैसला किया। मैंने पहले बच्चे का नाम बराक और दूसरे का मिट रखा। बिल्कुल वैसे ही जैसा कि दोनों ने अमेरिका चुनाव में प्रदर्शन किया।"
एक अन्य माँ मोनिका अकिन्यी ने कहा कि वह अपने बच्चे में बड़े होने पर क्लिक करें ओबामा जैसे ही गुण देखना चाहती हैं। अकिन्यी के मुताबिक़, "अमेरिका राष्ट्रपति की उपलब्धियों और यहाँ उनकी वजह से जो प्रगति हुई है उसे देखते हुए मैंने अपने बेटे का नाम बराक ओबामा रखा।"
रॉकस्टार ओबामा
पूर्वी अफ़्रीकी देश कीनिया में ओबामा का दर्जा किसी रॉकस्टार जैसा हो चुका है। वहाँ पर एक बीयर का नाम 2008 में उनकी जीत के बाद 'प्रेसिडेंट' रखा गया था। उनके राष्ट्रपति बनने से पहले वहाँ एक बीयर थी जिसका नाम 'सीनेटर' था क्योंकि ओबामा उससे पहले सीनेट के सदस्य थे।
अमेरिका राज्य हवाई में कैंसस की एक गोरी माँ और कीनिया के पिता से जन्मे क्लिक करें ओबामा अफ़्रीकियों में कुछ उसी तरह लोकप्रिय हैं जैसे आयरलैंड वाले अमेरिका राष्ट्रपति जॉन एफ़ कैनेडी को 1960 में चाहते थे। न्यानज़ा में उस अस्पताल की एक नर्स यूकाबेथ बताती हैं कि वहाँ पर माँ-बाप अपने बच्चों के नाम दुनिया भर के प्रसिद्ध लोगों के नाम पर रखते आए हैं।
यूकाबेथ के अनुसार, "आम तौर पर माँ अपने बच्चों के नाम लोकप्रिय लोगों के नाम पर रखती हैं क्योंकि 2008 में भी चुनाव के दौरान कुछ बच्चों के नाम बराक तो कुछ के जो बाइडेन रखे गए थे।" जो बाइडेन को अमेरिका राष्ट्रपति ने उप राष्ट्रपति के तौर पर चुना था। बराक का मतलब होता है 'आशीर्वाद पाया हुआ'।