अमेरिकी विशेषज्ञों ने यूपी और उत्तराखंड के विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन का श्रेय पीएम नरेंद्र मोदी को देते हुए कहा है कि 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए भी वे भारत के पसंदीदा नेता होंगे। अमेरिका में अब इस बात पर जोर दिया जा रहा है कि भारत के साथ मजबूत रिश्ते बनाने की दिशा में उसे कदम उठाने चाहिए ताकि एशिया में अमेरिका को कद्दावर साथी मिल सके।
जार्ज वाशिंगटन यूनिवर्सिटी में राजनीति विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय मामलों के विशेषज्ञ व सहायक प्रोफेसर एडम जीगफेल्ड ने कहा कि आमतौर पर विधानसभा चुनाव अकेले दम पर बदलाव का संकेत नहीं देते हैं, लेकिन यूपी चुनाव परिणामों ने दिखाया है कि वर्ष 2014 के आम चुनाव के नतीजे ‘अनायास’ नहीं थे।
जीगफेल्ड ने कहा कि मोदी वर्ष 2019 के बाद भी भारत का नेतृत्व करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि यूपी के दो बड़े महारथी सपा और बसपा की जड़ें राज्य में काफी गहरी थीं। इनमें जाति-धर्म एक बड़ा आधार था, लेकिन मोदी ने इस बड़े फैक्टर में सेंध लगाकर जीत हासिल की है। यह बताता है कि इसकी शुरुआत उन्होंने 2014 में लोकसभा की असाधारण जीत के साथ कर दी थी। इसे सपा-बसपा समझ नहीं पाए।
काउंसिल ऑन फारेन रिलेशन्स में भारत, पाकिस्तान और दक्षिण एशिया के मामलों की विशेषज्ञ एलिसा आयर्स ने कहा कि भारत अपने उन आर्थिक सुधारों को बढ़ाने जा रहा है, जो देश की जनता को सीधे तौर पर प्रभावित करते हैं। इसका अमेरिका को भारत से सकारात्मक रिश्ते बढ़ाकर लाभ उठाना चाहिए।
भाजपा यहां राज्यसभा में भी कई सीटें हासिल करेगी, जो उसे भूमि अधिग्रहण और श्रम सुधार जैसे लंबित सुधारों को अंजाम देने में मदद करेगा। अमेरिकन इंटरप्राइज इंस्टीट्यूट के अध्ययनकर्ता सदानंद धूमे ने कहा कि इन चुनावों ने मोदी को वर्ष 2019 के चुनाव के लिए एक ‘स्पष्ट और पसंदीदा विजेता’ के तौर पर स्थापित कर दिया है। उन्होंने कहा कि ‘मोदी वर्ष 2019 की दौड़ में सबसे आगे हैं।’