पिछले सप्ताह से नार्थ वेस्टर्न यूनिवर्सिटी के एक लापता छात्र का शव इलिनोइस के विलमेट्टे स्थित एक बंदरगाह में दो नावों के बीच पानी में मिला। यूनिवर्सिटी के अधिकारियों ने बताया कि विश्वविद्यालय के छात्र हर्ष माद्दुला (18) का शव मिला है। दोस्तों के साथ एक पार्टी में भाग लेने के बाद छात्र का पिछले शनिवार से ही कोई पता नहीं चल रहा था। एबीसी न्यूज से जुडे डब्लूएलएस टीवी के मुताबिक, एक मछुआरे ने बृहस्पतिवार की रात विलमेट्टे में एक बंदरगाह पर शेरिडन रोड ब्रिज के निकट दो नावों के बीच पानी में माद्दुला के शव को देखा।
नार्थ वेस्टर्न विश्वविद्यालय के प्रवक्ता एलेन कुबाजे ने बताया कि माद्दुला की जेब में मोबाइल फोन और बटुए में विश्वविद्यालय का पहचान पत्र पाया गया। संवाददाता सम्मेलन में कुबाजे ने कहा कि विलमेट्टे पुलिस घटना की जांच कर रही है। शव पर किसी तरह के जख्म के निशान नहीं मिले हैं।
यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष मोटरेन स्कापीरो ने कहा, ‘नार्थ वेस्टर्न विश्वविद्यालय की ओर से हर्ष के परिवार और नार्थ वेस्टर्न में उनके दोस्तों के प्रति हम गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।’ इससे पहले लेक मिशीगन बंदरगाह में गोताखोरों ने घंटों तक तलाश की लेकिन माद्दुला के बारे में कुछ भी पता नहीं चला। तलाशी में 21 कानूनी प्रवर्तन एजेंसियों, अग्निशमन विभाग, नार्थ वेस्टर्न के सैकड़ों छात्र और एफबीआई भी जुटी हुई थी।
माद्दुला के परिवारवालों ने भी उसके बारे में सूचना देने वालों को 25,000 डॉलर देने की घोषणा की थी। उन्होंने बताया कि माद्दुला को पढ़ने लिखने का शौक ही था, सैर-सपाटे या पार्टी वगैरह में उसकी दिलचस्पी नहीं थी। माद्दुला के चचेरे भाई श्रीनू माद्दुला ने एबीसी न्यूज से कहा, ‘हमें कुछ भी नहीं पता कि उसके साथ क्या हुआ।’ श्रीनू ने कहा कि उनके परिवार के पास पार्टी के बारे में बहुत कम जानकारी है। नार्थ वेस्टर्न विश्वविद्यालय में दाखिले से पहले माद्दुला अपने माता-पिता के साथ लांग द्वीप पर रहता था।