शनिवार को लास वेगस में डॉनल्ड ट्रंप की एक रैली में एक सुरक्षाकर्मी से बंदूक छीनने की कोशिश करने वाला शख्स ट्रंप को गोली मारना चाहता था।
अदालत में पेश किए गए कागजात के आधार पर कहा जा रहा है कि गिरफ्तार किए जाने वाले 19 वर्षीय माइकल स्टीवन सैंडफोर्ड ब्रितानी नागरिक हैं। सैंडफोर्ड को जल्द ही नेवादा की अदालत में पेश किया जाएगा।
अदालती दस्तावेजों के अनुसार सैंडफोर्ड शनिवार को ट्रेजर आइलैंड कसीनो में हुए डॉनल्ड ट्रंप की रैली में गए थे।
वहां वो एक पुलिस कर्मी के पास गए और कहा कि वो डॉनल्ड ट्रंप से ऑटोग्राफ लेना चाहते हैं, लेकिन इसी दौरान उन्होंने उस पुलिस कर्मी की गन छीनने की कोशिश की। उन्हें फौरन गिरफ्तार कर लिया गया था। उनके पास ब्रितानी ड्राइविंग लाइसेंस हैं और वो अमेरिका में करीब डेढ़ साल से रह रहे हैं।