कहा, मोदी की तरह ही अगले अमेरिकी राष्ट्रपति को अपनी आर्थिक योजनाएं बतानी चाहिए
- फोटो : PTI
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आर्थिक विकास योजनाओं से सिस्को के चेयरमैन जॉन चेंबर्स भी प्रभावित हैं। उन्होंने कहा है कि अमेरिका के अगले राष्ट्रपति को पीएम मोदी से प्रेरणा लेनी चाहिए और उनकी तरह ही अपनी आर्थिक विकास योजनाओं के बारे में देश को जानकारी देनी चाहिए। सिस्को चेयरमैन ने कहा कि रिपब्लिकन से राष्ट्रपति चुनाव की उम्मीदवारी के प्रबल दावेदार डोनाल्ड ट्रंप अभी जिस रफ्तार से बढ़ रहे हैं, उससे लगता है कि वही अमेरिका के अगले राष्ट्रपति बनेंगे।
ब्लूमबर्ग ब्रेकवे समिट में बोलते हुए जॉन चेंबर्स ने कहा कि जिस तरीके से मोदी भारत में तकनीक और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए अपनी आर्थिक विकास की योजनाएं बना रहे हैं, उसी तरह ही अमेरिका के अगले राष्ट्रपति को भी करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि अगला राष्ट्रपति वह होना चाहिए, जो यह बता सके कि जून में जब मोदी अमेरिका आएंगे, तो वह यहां क्या-क्या करेंगे। उन्होंने कहा कि सात और आठ जून को जब वह अमेरिकी संसद को संबोधित करेंगे, तो वह मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया और देश की विकास रफ्तार 10 से 11 फीसदी करने की बात करेंगे। वह भारत के हर नागरिक को सस्ता ब्रॉडबैंड पहुंचाने को लेकर भी बात करेंगे। ये ही ऐसी चीजें हैं, जिनके बारे में राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा होनी चाहिए। दोनों पार्टियों (डेमोक्रेटिक व रिपब्लिकन) को इसी आधार पर जीत मिलनी चाहिए।