1. बैरन ट्रंप: डोनल्ड ट्रंप और उनकी मौजूदा पत्नी मेलानिया ट्रंप की इकलौती संतान हैं बैरन ट्रंप। वो डोनल्ड ट्रंप के प्रचार अभियान में एक-दो बार नजर आए लेकिन फिलहाल वो चर्चा से दूर ही हैं। 10 साल के बैरन अपने पिता डोनल्ड ट्रंप के साथ गोल्फ खेलना पसंद करते हैं।
2. मेलानिया ट्रंप: मेलानिया, डोनल्ड ट्रंप की मौजूदा पत्नी हैं। दोनों ने साल 2005 में शादी की थी। वो स्लोवानिया में पैदा हुई थीं और मॉडल रह चुकी हैं।
चुनाव प्रचार अभियान के दौरान जब उनके पति डोनल्ड ट्रंप पर कुछ महिलाओं ने यौन शोषण के आरोप लगाए थे तब मेलानिया ने जोरदार तरीके से अपने पति का बचाव किया था।
जुलाई 2016 में उन्होंने तब सुर्ख़ियां बटोरीं जब रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन में उन्होंने एक भाषण दिया जिसके बारे में कहा गया कि वो मिशेल ओबामा के एक भाषण की नकल था जो मिशेने ने 2008 में दिया था।
3. जेरड कुशनर: डोनल्ड ट्रंप की सबसे बड़ी बेटी इवान्का के पति हैं जेरड। वो न्यूयॉर्क के बड़े प्रॉपर्टी डेवलपर के बेटे हैं और 10 सालों से न्यूयॉर्क में एक साप्ताहिक अख़बार निकाल रहे हैं। उन पर आरोप लगा था कि अपने ससुर डोनल्ड ट्रंप के पक्ष में उन्होंने पक्षपातपूर्ण पत्रकारिता की।
4.इवान्का ट्रंप: डोनल्ड ट्रंप की सबसे ज्यादा चर्चित संतान हैं इवान्का । वो डोनल्ड और उनकी पहली पत्नी इवाना की एकलौती बेटी हैं।
इवान्का मॉडल रह चुकी हैं और अपने पिता की एक कंपनी की वाइस प्रेसीडेंट हैं। वो रियलिटी टीवी शो 'द अप्रेंटिस' में जज रह चुकी हैं।
जेरड से शादी करने के बाद उन्होंने यहूदी धर्म अपना लिया।
5. टिफनी ट्रंप: डोनल्ड ट्रंप और उनकी दूसरी पत्नी मार्ला मेपल्स की बेटी हैं टिफनी।
वो अभिनेत्री और टीवी कलाकार रह चुकी हैं। सोशल मीडिया पर बेहद सक्रिय रहने वाली टिफनी तब चर्चा में आईं जब उन्होंने रिपब्लिकन कनवेंशन में भाषण दिया जिसके लिए उनके पिता डोनल्ड ट्रंप ने उनकी काफी तारीफ की।