अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन के बीच 12 जून को सिंगापुर में ऐतिहासिक वार्ता होगी। इस बात की पुष्टि खुद ट्रंप ने भी की है। लेकिन इस मुलाकात से पहले अमेरिका के सामने एक परेशानी खड़ी हो गई है। जिसका कारण है किम जोंग उन की महंगे होटल में रहने की मांग। किम ने ऐसे होटल में रहने की मांग की है जिसका एक दिन का किराया 6 हजार डॉलर यानि 4 लाख रुपये है। बता दें ये बिल किम को नहीं बल्कि अमेरिका को अदा करना होगा।
वॉशिंगटन पोस्ट में छपी एक खबर के मुताबिक बैठक की तैयारियां करने के लिए वाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ जो हैगिन और किम जोंग के चीफ ऑफ स्टाफ किम चांग सन सिंगापुर पहुंच चुके हैं। रिपोर्ट्स से पता चला है कि उत्तर कोरियाई नेता ने इस बैठक के दौरान पांच सितारा होटल फुलटरन में रुकने की मांग की है। साथ ही उत्तर कोरिया ने एक अन्य मांग भी की है कि वह होटल का किराया नहीं देगा बल्कि कोई और बिल का भुगतान करे।
सिंगापुर नदी पर बने शहर के सबसे सुंदर होटल में प्रेजिडेंशल सूईट के लिए एक रात का किराया 4 लाख रुपये से ज्यादा है। यह होटल साल 1928 में बनाया गया था। वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका पूरा ध्यान रखेगा कि सिंगापुर में किम की बेइज्जती ना हो लेकिन यदि वह कोई भी भुगतान करता है तो वह ट्रेजरी डिपार्टमेंट द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों का उल्लंघन होगा। वैसे तो वाइट हाऊस ने इस पर जवाब देने से इंकार कर दिया है लेकिन कहा जा रहा है कि इस समस्या से निपटने के लिए ऑफिस ऑफ फॉरन असेट्स को प्रतिंबंधों को हटाना पड़ सकता है।
गौरतलब है कि इस मुलाकात की तैयारियां काफी समय से की जा रही हैं। जिसके लिए दोनों देशों के अधिकारियों ने एक दूसरे के देशों का दौरा भी किया और उनके बीच कई मुलाकातें भी हुईं। लेकिन फिर भी इस बैठक के लिए कोई एक जगह अभी तक सुनिश्चित नहीं हो पाई है। लेकिन अंदाजा लगाया जा रहा है कि ये मुलाकात शांगरी-ला होटल में हो सकती है, जहां हाल ही में भारत के प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी और दुनिया के अन्य देशों के रक्षा मंत्री भी आए थे।