अमरीका में इस हफ्ते अगवा की गई 10 महीने की भारतीय बच्ची सान्वी वेना, फिलाडेल्फिया में एक अपार्टमेंट के बेसमेंट में मृत मिली है।
फिलाडेल्फिया के एक पुलिस अधिकारी का कहना है कि किंग ऑफ प्रूसिया में बने एक बेसमेंट में सान्वी का शव मिलने के बाद एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया, ''हमने सान्वी के परिवार को जानने वाले रघुनंदन यान्दमुरी को गिरफ्तार किया है जो फिरौती की मांग कर रहा था। रघुनंदन के खिलाफ हत्या, अपहरण, लूटपाट और सेंधमारी के मामले दर्ज किये गये हैं।''
सान्वी को बीते सोमवार कुछ अज्ञात लोगों ने अगवा कर लिया था और उसकी 61 वर्षीय दादी सत्यवती वेना की हत्या कर दी थी। अधिकारियों ने इस मामले में सुराग देने वाले को 50,000 डॉलर का इनाम देने की घोषणा की थी।
डिस्ट्रिक्ट एटॉर्नी रिज़ा वेटरी फर्मन के मुताबिक, सत्यवती का शव भी अपार्टमेंट के भीतर मिला है। वे इसी वर्ष जुलाई में भारत से अमरीका पहुंची थीं।
सान्वी के पिता वेंकट कोंडा शिव वेना और माता चंचु लता फरवरी 2007 में भारत से अमरीका आये थे। टेक्सास, मिशीगन और ओहायो में रहने के बाद वे पेंसिल्वेनिया के किंग ऑफ प्रूसिया में रह रहे थे।