अमरीका के न्यू जर्सी प्रांत के एक जंगल में भारतीय मूल के एक युवक को भालू ने हमला करके मार डाला।
एडिसन के रहने वाले 22 वर्षीय दर्ष पटेल अपने 4 अन्य मित्रों के साथ न्यू जर्सी के अपशावा वन क्षेत्र में हाईकिंग करने गए हुए थे जब अचानक उनका सामना एक 300 पाउंड वजन वाले भालू से हो गया।
पुलिस का कहना है कि जब भालू ने युवकों का पीछा करना शुरू किया तो अपनी जान बचाने के लिए पांचों अलग-अलग दिशाओं में भागे। 4 युवक तो फिर से एक साथ मिल गए लेकिन दर्ष पटेल का कहीं पता नहीं था।
बाद में वेस्ट मिलफर्ड पुलिस की एक खोजी टीम ने दर्ष पटेल की लाश को खोज निकाला जिस पर भालू के पंजों से हमले के और उसके दांतों के निशान भी मौजूद थे।
और पुलिस ने साथ ही थोड़ी दूर पर एक भालू को खड़े पाया जो पुलिस के मुताबिक लाश की रखवाली कर रहा था। पुलिस ने उस भालू को गोली से मार गिराया। उस भालू की उम्र करीब 4 वर्ष थी और उसका वज़न 299 पाउंड था।
वेस्ट मिलफर्ड पुलिस प्रमुख टिम स्टोरबेक ने कहा,“लाश के पास एक भालू चक्कर काट रहा था और वह उस लाश को छोड़कर जाता नहीं लग रहा था। खोजी टीम ने बहुत कोशिश की कि भालू भाग जाए, तालियां बजाकर औऱ अन्य शोर मचाकर उसे भगाने की कोशिश की गई लेकिन भालू नहीं भागा, वह वहीं डटा रहा। तब पुलिस ने उसे गोली मार दी।”