विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने इस बार अमेरिका के सहयोगी जापान को लेकर विवादित बयान दिया है। ट्रंप ने चुनावी रैली में कहा कि अगर अमेरिका पर हमला होता है तो सारे 'जापानी घर में बैठकर सोनी टीवी देखेंगे।'
आयोवा के डेस मोन्स में एक चुनावी सभा में ट्रंप ने कहा,' क्या आपको पता है जापान के साथ हमारा एक समझौता है। अगर जापान पर कोई हमला करता है तो अमेरिका जापान की रक्षा करेगा। लेकिन अमेरिका पर कोई हमला करता है तो जापान कुछ भी नहीं करेगा। जापानी अपने घर में बैठकर सोनी टीवी देखेंगे। यह किस तरह का समझौता है।'
जापान अमेरिका का प्रमुख सहयोगी और एशिया प्रशांत क्षेत्र में महत्वपूर्ण साथी है। अमेरिका-जापान के गठबंधन समझौते का जिक्र करते हुए ट्रंप ने इसे हास्यास्पद बताया है।