भारतीय मूल के मशहूर अमेरिकी होटल व्यवसायी विक्रम चटवाल पर कथित तौर पर दो कुत्तों को जलाने का आरोप लगा है। न्यूयॉर्क पुलिस के मुताबिक 44 वर्षीय चटवाल सोमवार को खुद पुलिस स्टेशन आकर पेश हुए हैं। चटवाल पर झगड़ा, उत्पीड़न, पशु को घायल करना, अपनी लापरवाही से दूसरे की जान को जोखिम में डालने और आगजनी के आरोप लगाए गए हैं।
लोकल न्यूज वेबसाइट पैच डॉट काम के अनुसार, विक्रम पर ये आरोप 7 अक्टूबर को हुई घटना के आधार पर लगाए गए हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि विक्रम चटवाल के घर के बाहर एक महिला अपने कुत्तों को टहला रही थी।
इसी बात को लेकर विक्रम का उस महिला से झगड़ा हो गया। गुस्से में आए विक्रम ने कथित रूप से अपना लाइटर और एयरोसोल कैन निकाला और उनसे दोनों कुत्तों को आग लगा दी। हालांकि इस घटना में कुत्ते मामूली रूप से जले हैं। पुलिस का कहना है कि विक्रम चटवाल को जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा।