अमेरिका के कैलिफॉर्निया में किराने की एक दुकान पर कथित रूप से हथियारों से लैस चार लुटेरों ने 21 वर्षीय एक भारतीय छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी। इन लुटेरों में एक भारतीय मूल का एक व्यक्ति भी शामिल बताया जा रहा है। घटना मंगलवार देर रात की बताई गई है।
पढ़ें: PM मोदी के 6 सालों के ट्वीट्स पर हुई रिसर्च, सामने आया क्यों हुए इतने लोकप्रिय
स्थानीय समाचार पत्र फ्रेस्नोबी की रिपोर्ट के मुताबिक, धरमप्रीत सिंह जस्सर फ्रेस्नो शहर में एक गैस स्टेशन के पास किराने की एक दुकान में ड्यूटी पर था। तभी भारतीय मूल के एक व्यक्ति समेत चार लुटेरे दुकान में लूटपाट के लिए घुसे। धरमप्रीत कैश काउंटर के पीछे छुप गया। इसके बावजूद नकदी और सामान लूटने के बाद वहां से जाते समय किसी एक लुटेरे ने उसे गोली मार दी।
अगले दिन जब बुधवार को एक ग्राहक दुकान पर पहुंचा तब घटना के बारे में पुलिस को जानकारी दी गई। अकाउंटिग का छात्र धरमप्रीत मूल रूप से पंजाब का रहने वाला था। वह छात्र वीजा पर करीब 3 साल पहले अमेरिका आया था।
पढ़ें: अमेरिका: करीब 3 हजार करोड़ में बिकी 500 साल पुरानी जीसस की पेंटिंग
पुलिस ने इस मामले में भारतीय मूल के 22 वर्षीय अठवाल को गिरफ्तार किया है। संदिग्ध को माडेरा डिपार्टमेंट ऑफ करेक्शन्स में स्थानांतरित किया जाएगा। अठवाल के खिलाफ हत्या और लूटपाट के आरोप लगाए गए हैं। माडेरा शेरिफ जय वार्ने ने कहा कि जांचकर्ता अन्य संदिग्धों की तलाश कर रहे हैं और इस मामले में जानकारी हासिल करने का प्रयास कर रहे हैं।