एक भारतीय सुरक्षा शोधकर्ता ने ऐसे बग (खामी) का पता लगाया है, जिसमें एप्पल आईओएस 10.1 वर्जन के एक्टिवेशन लॉक को आसानी से तोड़ा जा सकता है। केरल के हेमंत जोसेफ ने आईओएस डिवाइस के सेटअप प्रोसेस में खामी का पता लगाया।
उन्होंने ऑनलाइन खरीदे हुए अपने आईफोन का लॉक तोड़कर इसका प्रयोग कर दिखाया। उन्होंने आईफोन को फ्रीज करने के पहले इसके सेटअप प्रोसेस को फेल करने का पता लगाया और उसे होम स्क्रीन पर अप्लाई किया। फोर्ब्स की रिपोर्ट के मुताबिक जब वाईफाई नेटवर्क चुनने के लिए कहा गया तो उन्होंने अन्य नेटवर्क का विकल्प चुना है और इसके बाद प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए नाम और डब्ल्यूपीए 2- इंटरप्राइज की और हजारों कैरेक्टर डाले।
उनका अनुमान था कि उस जगह पर बहुत अधिक आंकड़े डालने से डिवाइस फ्रीज हो जाएगा और ऐसा ही हुआ। गूगल ड्राइव पर उनके द्वारा अपलोड किये गये वीडियो में पूरी प्रक्रिया को दिखाया गया है जिसके जरिये उन्होंने सेटअप प्रोसेस को फेल कर दिया। हालांकि जोसेफ द्वारा खोजे गये बग को आईओएस के पिछले महीने के अपडेट में ठीक कर लिया गया।