अमेरिका में भारतीय मूल के एक पत्रकार से डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों ने बदसलूकी की। रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के दावेदारों में सबसे आगे माने जा रहे ट्रंप की रैली में विरोध के दौरान पुलिस ने सीबीएस न्यूज रिपोर्टर सोपान देब को थोड़ी देर के लिए हिरासत में भी ले लिया।
शिकागो की यह घटना शुक्रवार रात की है। सोपान यहां ट्रंप की रैली रद्द होने के बाद शुरू हुए विरोध प्रदर्शन को कवर कर रहे थे, जब उन्हें हिरासत में ले लिया गया। ‘सीबीएस दिस मॉर्निंग’ की रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्रंप के समर्थकों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई थी।
देब एक ऐसे व्यक्ति का वीडियो शूट कर रहे थे जिसके चेहरे से खून निकल रहा था और वह जमीन पर पड़ा था। सीबीएस न्यूज के मुताबिक देब का कहना है कि उन्हें धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया गया और बिना किसी नोटिस या चेतावनी के हथकड़ी लगा दी गई।
इलिनॉयस स्टेट पुलिस ने देब पर गिरफ्तारी का विरोध करने का आरोप लगाया है जबकि मीडिया समूह का कहना है कि न तो उनके वीडियो और न ही पास के क्रू मेंबर ने किसी प्रकार का प्रतिरोध किया। ट्रंप ने सुरक्षा कारणों से यहां अपनी रैली रद्द कर दी थी।