अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपीलीय डीसी सर्किट अदालत में जज ब्रेट केवनॉग के सुप्रीम कोर्ट जाने से रिक्त पड़े स्थान के लिए भारतवंशी नियोमी राव जहांगीर को नामित किया है। ट्रंप ने कहा कि नियोमी इस पद के लिए सर्वश्रेष्ठ हैं। बता दें कि डीसी सर्किट अदालत को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के समकक्ष माना जाता है।
नियोमी राव के संबंध में व्हाइट हाउस कभी भी औपचारिक घोषणा कर सकता है। व्हाइट हाउस में दिवाली समारोह के दौरान ट्रंप ने कहा कि मैंने डीसी सर्किट कोर्ट में ब्रेट केवनॉग की जगह के लिए नियोमी राव का नामांकन किया है और यह एक बड़ी स्टोरी हो सकती है। अमेरिका की शक्तिशाली अदालत के लिए अपने नामांकन पर नियोमी राव ने ट्रंप को धन्यवाद दिया है।
अगर सीनेट से राव के नामांकन को मंजूरी मिल जाती हैं तो वे श्रीनिवासन के बाद डीसी सर्किट कोर्ट में दूसरी भारतीय अमेरिकी जज होंगी। मंजूरी के बाद नियोमी के अधिकार क्षेत्र में अमेरिका के अहम नियामक, राष्ट्रीय सुरक्षा व शक्तियों का बंटवारा आ जाएगा। अमेरिका के कानूनी हलकों में नियोमी एक सम्मानित नाम हैं। वे वर्तमान में सूचना एवं नियामक मामलों के कार्यालय में अधिकारी हैं और जुलाई 2017 में सीनेट ने 54-41 के मतदान से उन्हें इस पद के लिए चुना था।
तीन शाखाओं में बंटवारे के लिए जानी जाती हैं नियोमी
इस पद के लिए नामित होने से पहले नियोमी राव संघीय सरकार की सभी तीन शाखाओं में काम कर चुकी हैं। कार्यकारी शाखा में अपनी वर्तमान भूमिका से पहले वह जॉर्ज बुश प्रशासन के लिए सहयोगी वकील और विशेष सहायक के बतौर काम कर चुकी हैं। वह सरकार की तीन शाखाओं में शक्तियों के बंटवारे के लिए जानी जाती है। जुलाई 2017 में ट्रंप प्रशासन में शामिल होने से पहले राव जीएमयू में एसोसिएट लॉ प्रोफेसर के तौर पर काम कर चुकी हैं। येल व शिकागो यूनिवर्सिटी से लॉ ग्रेजुएट राव ने निजी क्षेत्र में भी काम किया है। उन्हें लंदन स्थित अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता समूह में काम करने का भी अनुभव है।