पाकिस्तान के विदेश मंत्री ख्वाजा आसिफ
पाकिस्तान के विदेश मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बृहस्पतिवार को भारत को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि वह उनकी जमीन में सर्जिकल स्ट्राइक या उनके परमाणु प्रतिष्ठानों को टारगेट बनाने की सोचे भी नहीं। उन्होंने आगे कहा, यदि ऐसा किया गया तो उन्हें हमारे संयम की उम्मीद नहीं रखनी चाहिए।
भारत के एयर चीफ मार्शल बीएस धनोवा के उस बयान के संदर्भ में कि भारतीय सशस्त्र बल किसी भी स्पेक्ट्रम ऑपरेशन के लिए पूरी तरह तैयार है, पर आसिफ ने कहा कि पाकिस्तान अपने पड़ोसियों के साथ शांति और सद्भाव में रहना चाहता है। लेकिन यदि भारत सर्जिकल स्ट्राइक या उनके परमाणु प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की सोचता है तो पाकिस्तान चुप नहीं बैठेगा।
वाशिंगटन के एक थिंक टैंक यूएस इंस्टीट्यूट ऑफ पीस को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बयान दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भारत के साथ रिश्ते बेहद नाजुक स्तर पर है। वहीं एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि यह दुखद है कि भारत पाकिस्तान के शांति प्रयासों को नजरअंदाज कर रहा है।