ब्रितानी तेल कंपनी बीपी पर साल 2010 में हुए तेल रिसाव के मामले में अमेरिकी इतिहास का सबसे बड़ा आपराधिक जुर्माना लगाया गया है।
तेल कंपनी बीपी को लगभग 450 करोड़ डॉलर यानी करीब 24 हज़ार करोड़ रुपए जुर्माने के तौर पर अदा करने होंगे। इसके अलावा दो बीपी कर्मचारियों पर मानव हत्या करने और अमरीकी कांग्रेस को ग़लत जानकारी देने का आरोप लगाया गया है।
तेल के कुएं में साल 2010 में हुए रिसाव की घटना में 11 कर्मचारियों की मौत हो गई थी और 87 दिनों में मैक्सिको की खाड़ी में लाखों बैरल तेल समुद्र में फैल गया था।
अब अमेरिका के न्याय विभाग ने कहा है कि बीपी को इस तेल रिसाव से हुए नुकसान की भरपाई के लिए 400 करोड़ डॉलर देने होंगे। इस राशि में 126 करोड़ डॉलर भी शामिल है जो वन्य संरक्षण और वैज्ञानिक संस्थाओं को दिए जाएंगे।
इसके अलावा बीपी अगले तीन सालों में सिक्योरिटी और एक्सचेंज कमीशन को लगभग 52 करोड़ रुपये भी देगी।
अमेरिकी ने न्याय विभाग के अटोर्नी जनरल एरिक होल्डर ने कहा, “ये फ़ैसला अनेक जांच प्रक्रियाओं, जांचकर्ताओं और सहयोगी स्टाफ की मेहनत का नतीजा है।”
बीपी के प्रबंधक डेविड राइनी पर आरोप था कि उन्होंने जानबूझकर तेल रिसाव की मात्रा को कम करके आंका था।
बीपी ने मानी ग़लती
समझौते के अनुसार बीपी ने 14 आपराधिक मामलों में अपनी गलती मान ली है। कंपनी ने इस मामले में अपनी भूमिका के लिए माफी मांगी है और जानमाल का नुकसान होने पर खेद जताया है।
बीपी कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बॉब डडले ने कहा, “ हम सभी को इस बात का बेहद खेद है कि तेल रिसाव की दुर्घटना की वजह से जानमाल का नुकसान हुआ और मैक्सिको की खाड़ी के तट को नुकसान पहुंचा।”
बीपी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि समझौते के अनुसार कंपनी को नागरिक मामलों में बचाव करने का पूरा अधिकार होगा।
'निपटारा अभी बाकी'
समाचार एजेंसी एपी के अनुसार जिन दो अधिकारियों पर नरहत्या का आरोप है उनमें रॉबर्ट क्लूज़ा औऱ डॉनल्ड विड्रिन हैं।
इनपर आरोप है कि इन्होंने तेल के कुएं में दुर्घटना से पहले सुरक्षा जांच की थी और इन्होंने मौके पर मौजूद इंजीनियरों को तेल के खनन में गड़बड़ी के बारे में जानकारी नहीं दी।
ब्रितानी कंपनी बीपी जुर्माने की रकम जुटाने के लिए अपनी संपत्तियां बेच रही है।
ल्युजियाना की कंपनियों के वकील स्टूअर्ड स्मिथ जो कि इस हादसे से प्रभावित व्यापारों की नुमाइंदगी कर रहे हैं उन्होंने बीबीसी से बातचीत में बताया कि ये मामला अभी खत्म नहीं हुआ है।
स्टूअर्ड स्मिथ कहते हैं, “बीपी कंपनी ने अभी ल्यूजियाना प्रांत के साथ प्राकर्तिक नुकसान पहुंचाने के मामले को नहीं सुलझाया है ना ही फ्लोरेडा, अलबामा और ना ही मीसिसिपी राज्य के साथ।”
स्टूअर्ड स्मिथ ने कहा कि अभी भी कई मामलों का निपटारा बाकी है।