दिल्ली हाईकोर्ट ने शहर की कॉफी चेन कंपनी 'सरदारबख्श' को नाम बदलकर 'सरदार-जी बख्श' करने के आदेश दिया है। अमेरिका की कॉफी दिग्गज कंपनी स्टारबक्स ने सरदारबख्श पर आरोप लगाए थे कि उसने उसके नाम और लोगो की नकल की है। कंपनी ने इसके खिलाफ केस भी दर्ज कराया था जिसके बाद कोर्ट ने ये आदेश दिया। वहीं लोगो के मामले में स्टारबक्स द्वारा कानूनी नोटिस भेजने के बाद कंपनी ने अपना लोगो बदल लिया था। इस मामले में कोर्ट अब 18 सितंबर को फैसला सुनाएगा।
स्टारबक्स ने ये केस एक लॉ फर्म के माध्यम से दिल्ली हाईकोर्ट में दर्ज करवाया था। जिसके बाद एक अगस्त को हाईकोर्ट ने कंपनी को नाम और लोगो बदलने का आदेश दिया। स्टारबक्स दुनिया की सबसे बड़ी कॉफी कंपनी है। जब सरदारबख्श ने दिल्ली में 5 आउटलेट्स खोले तो इसपर स्टारबक्स को बुरा लगा। कंपनी का कहना है कि दुनिया में वह बहुत बड़ा ब्रांड है और सरदारबख्श ने उसके नाम और लोगो दोनों की नकल की है। बता दें ऐसा ही एक मामला 2013 में पाकिस्तान से भी सामने आया था। वहां एक बिजनेसमैन ने स्टारबक्स कैफे खोल लिया और उसका लोगो भी इस कंपनी से काफी मिलता जुलता था।
वहीं भारत की सरदारबख्श कंपनी का कहना है कि वह किसी भी तरह की लड़ाई के लिए तैयार है। स्टारबक्स के 70 देशों में 28 हजार आउटलेट्स हैं। जिसने साल 2012 में टाटा ग्रुप के साथ एक ज्वाइंट वेंचर के जरिए भारत में कदम रखा। यहां अभी इसके 125 ब्रांडेड आउटलेट्स चल रहे हैं। वहीं सरदारबक्श के पांच आउटलेट हैं। कंपनी के अन्य 30 नए खुलने वाले आउटलेट्स नई ब्रांडिगं के साथ खुलेंगे और पुराने पांच आउटलेट कोर्ट के फैसले तक सरदारबख्श ब्रांड के तहत ही चलेंगे।