न्यूयॉर्क टाइम्स ने अदालत के दस्तावेजों और सात्क्षात्कारों के आधार पर बताया है कि एंडी उन तीन वरिष्ठ अधिकारियों में से एक थे जिन्हें गूगल ने पूर्व में अनुचित यौन व्यवहार के मामले में बचाया था। नाम न छापने की शर्त पर गूगल के दो अधिकारियों ने बताया कि 2013 में एक महिला ने लैरी के खिलाफ एक होटल में यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था जिसे जांच में सही पाया गया था। इस पर गूगल के तत्कालीन सीईओ लैरी पेज ने एंडी से इस्तीफा मांगा था।
बता दें कि गूगल ने मोबाइल दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय ऑपरेटिंग सिस्टम एंड्राइड के निर्माता एंडी रुबिन को 2014 में विदाई दी थी। एंडी को नौ करोड़ डॉलर का एग्जिट पैकैज भी दिया गया था। हालांकि, गूगल ने तब यह नहीं बताया था कि उन्हें यौन उत्पीड़न के मामले में दोषी पाए जाने पर बाहर किया गया है।
अब न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के जवाब में गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने बयान जारी कर कहा कि कंपनी के एक वरिष्ठ कर्मचारी एंडी रुबिन पर दुर्व्यवहार के आरोप लगे थे। इस पर कार्रवाई करते हुए एंडी की सेवाएं समाप्त की गई थीं।
इसके बाद खुद एंडी ने ट्वीट कर अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि गूगल में कार्यकाल के बारे में न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट भ्रामक है। विशेषकर होटल में महिला के साथ यौन शोषण के आरोप बेबुनियाद हैं। उन्होंने लिखा कि ये आरोप झूठे हैं और उनकी पूर्व पत्नी ने तलाक के केस के दौरान उन्हें बदनाम करने के लिए उनपर लगाए थे।
इसके साथ ही उन्होंने लिखा कि वह इस बात से बेहद आहत हैं कि कुछ गूगल कर्मचारी मेरे कार्यकाल के दौरान की फाइल पर कमेंट कर रहे हैं और तथ्यों को गलत तरीके से प्रस्तुत कर रहे हैं।
वहीं, एंडी रुबिन के प्रवक्ता सैम सिंगर ने एंडी पर लगे आरोपों को खारिज किया है। सिंगर के मुताबिक एंडी ने गूगल अपनी मर्जी से छोड़ा था।
पिचाई ने कहा, 'पिछले सालों में लोगों के अनुचित व्यवहार को रोकने के लिए हमने कई परिवर्तन किए हैं।' उन्होंने कहा कि एंडी और बाकी लोगों की रिपोर्ट पढ़ने में भी मुश्किल थी। हालांकि उन्होंने लेख में किए गए दावों को सीधे संबोधित नहीं किया। उन्होंने कहा कि, 'कार्यस्थल में एक बेहतर और सुरक्षित माहौल बनाने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। यौन उत्पीड़न की हर शिकायत की हम जांच करते हैं और उचित कार्रवाई करते हैं।'