भारत, अमेरिका और अफगानिस्तान के बीच प्रथम त्रिपक्षीय वार्ता संयुक्त राष्ट्र महासभा के छठे सालाना सत्र से इतर न्यूयॉर्क में होगी। इस बैठक से जुडे़ राजनयिक सूत्रों ने कहा है कि भारत, अमेरिका और अफगानिस्तान के बीच इस तरह की पहली बैठक उप विदेश मंत्री स्तर की होगी। इस साल के शुरुआत में वाशिंगटन में ‘भारत-अमेरिका रणनीतिक वार्ता’ के दौरान इस सिलसिले में घोषणा की गई थी, जिसकी सह अध्यक्षता विदेश मंत्री एस एम कृष्णा और अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने की थी।
हिलेरी ने 13 जून को संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा था, ‘आज हम तीन देशों के बीच औपचारिक त्रिपक्षीय परामर्श की ओर आगे बढ़ने पर सहमत हुए हैं।’ रणनीतिक वार्ता की समाप्ति पर जारी संयुक्त बयान में भी यह घोषणा की गई थी। संयुक्त बयान में कहा गया कि अफगानिस्तान में उनकी कोशिशों का समर्थन करने के लिए वे काबुल के साथ त्रिपक्षीय वार्ता करने के लिए सहमत हुए हैं।’ हालांकि, भारत और अमेरिका ने स्पष्ट किया है कि त्रिपक्षीय वार्ता पाकिस्तान के खिलाफ लक्षित नहीं है, जो हमेशा ही अफगानिस्तान में भारत की भूमिका के प्रति सशंकित रहता है।
राजनयिक सूत्रों ने इस बात का जिक्र किया कि भारत, अफगानिस्तान, अमेरिका त्रिपक्षीय वार्ता के साथ-साथ अमेरिका एक और त्रिपक्षीय वार्ता करेगा, जिसमें पाकिस्तान भी शामिल होगा, यह वार्ता भी उप विदेश मंत्री स्तर की होगी। गौरतलब है कि अफगानिस्तान, पाकिस्तान, अमेरिका त्रिपक्षीय वार्ता इससे पहले विदेश मंत्री स्तर पर हुई थी।