यूजर्स के निजी डाटा लीक जैसी मुश्किलों से निपटने में फेसबुक को कुछ साल लग सकते हैं। कंपनी के सीईओ और संस्थापक मार्क जुकरबर्ग ने मंगलवार को एक इंटरव्यू में यह बात कही। न्यूज वेबसाइट वीओएक्स को दिया इंटरव्यू में जुकरबर्ग ने कंपनी के बिजनेस मॉडल का बचाव किया और फेसबुक की आलोचना कर रहे एप्पल के सीईओ टिम कुक जैसे लोगों को जवाब दिया।
जुकरबर्ग ने कहा, फेसबुक की एक समस्या यह है कि यह आदर्शवादी है। इसने लोगों के जोड़ने के सकारात्मक पक्ष पर ध्यान केंद्रित किया। इसके गलत टूल पर कम समय खर्च किया। अब हम जांच कर रहे हैं। लोग भी इसके खतरों से वाकिफ हो चुके हैं। जुकरबर्ग ने कहा, वह चाहते हैं कि समस्याएं तीन या छह महीने में सुलझ जाएं। पर कुछ सवालों के जवाब जानने में लंबा वक्त लग सकता है।
उन्होंने टिम कुक के पिछले हफ्ते के बयान का जवाब देते हुए कहा कि अगर हम एक ऐसी सेवा बनाएं जो दुनिया भर के लोगों को जोड़े तो उसमें से कई लोग होंगे जो उस सेवा के बदलने भुगतान नहीं कर सकते हैं। यानी फेसबुक अपने यूजर से चार्ज नहीं वसूल सकता है।
इसलिए फेसबुक का बिजनेस मॉडल मीडिया की तरह विज्ञापन पर चलता है। ज्ञात हो कि टिम ने फेसबुक के बिजनेस मॉडल की आलोचना करते हुए कहा था कि इसका बिजनेस लोगों के डाटा पर निर्भर है।