राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद और व्हाइट हाउस के वरिष्ठ सलाहकार जैरेड कश्नर की दिसंबर में अमेरिका स्थित रूसी राजदूत से गोपनीय मुद्दों पर बातचीत बहस का ज्वलंत मुद्दा बनी हुई है। रूस-अमेरिका संबंधों के कारण इस पर पूरी दुनिया के देशों की निगाह है। चर्चा में शामिल तीन लोगों के मुताबिक यह बातचीत व्हाइट हाउस का कार्यभार संभालने के लिए बनने वाली ट्रंप की ट्रांजिशन टीम और मास्को के बीच सीरिया व अन्य नीतियों पर गोपनीय चैनल स्थापित करने की संभावनाओं को तलाशने के संबंध में हुई।
अमेरिका रूस का पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी है और जैरेड कश्नर ने ट्रंप टॉवर में हुई इस मुलाकात के दौरान रूस के राजदूत सर्गेइ आई. किस्लियाक के साथ बैक चैनल व्यवस्था बनाने को लेकर चर्चा की थी, इस कारण दुनिया के कई देशों की निगाह इस मुद्दे पर टिक गई है। क्योंकि किसी भी प्रकार से यदि ट्रंप के अमेरिकी चुनाव में रूस की मदद लेने की बात सही निकलती है तो इससे रूस के खिलाफ खड़े नाटो देश और सीरिया पर उनकी रणनीति सभी पर प्रभाव पड़ना तय है।