अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन को बर्खास्त कर दिया और सीआईए के मौजूदा निदेशक माइक पॉम्पियो को यह पद सौंप दिया। जबकि देश की खुफिया एजेंसी सीआईए की बागडोर उन्होंने जीना हास्पेल को सौंपी है। जीना अमेरिका की पहली महिला सीआईए निदेशक होंगी। डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट कर खुद यह जानकारी दी।
टिलरसन को ऐसे समय पद से हटाया गया है कि जब वह अफ्रीका के दौरे पर हैं। ट्रंप ने उनकी सेवाओं के लिए उन्हें धन्यवाद भी दिया।
ट्रंप ने ट्वीट में कहा, ‘पॉम्पियो अब हमारे विदेश मंत्री होंगे। उम्मीद है वह बढ़िया काम करेंगे।’ ट्रंप के अचानक से लिए गए इस फैसले से सभी हैरान हैं। इसे ट्रंप प्रशासन की सबसे बड़ी उठापटक माना जा रहा है।
हाल के दिनों में टिलरसन और ट्रंप के बीच कई मतभेद दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि टिलरसन विदेश नीति में दखल नहीं चाहते थे। जबकि ट्रंप का विदेश नीति में दखल अधिक है।
यह बात भी सामने आई है कि पिछले साल एक अहम बैठक के दौरान दोनों के बीच विवाद इस कदर बढ़ गया था कि टिलरसन ने सभी के सामने ट्रंप को बेवकूफ तक कह डाला था।
तब से ट्रंप उन्हें इस पद से हटानी की फिराक में थे। हालांकि पिछले साल दिसंबर में ट्रंप ने इन खबरों को खारिज किया कि टिलरसन के गिनती के दिन बचे हैं। ट्रंप ने कहा कि हम दोनों मिलकर अच्छा काम कर रहे हैं।